वेलिंगटन: भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ गई हैं। टीम के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन और ब्लेयर टिकनर बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। वहीं, मैट हेनरी भी तीसरे वनडे में नहीं खेलेंगे।
हेनरी चोट से उबर रहे हैं और चौथे वनडे से वापसी कर सकते हैं। ब्लेयर टिकनर की जगह क्रिस्टियन क्लार्क को टीम में शामिल किया गया है। भारत शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज में 2-0 से आगे है। अब न्यूजीलैंड के सामने वापसी की चुनौती होगी।
टिकनर 7 दिन तक क्रिकेट नहीं खेल सकेंगे
वेलिंगटन में दूसरे वनडे के दौरान बल्लेबाजी करते समय ब्लेयर टिकनर को गेंद लगी थी। मेडिकल जांच में उन्हें कन्कशन से मुक्त घोषित किया गया है।
हालांकि, उनकी जगह मैट फिशर को कन्कशन सब्स्टिट्यूट के तौर पर टीम में शामिल किया गया था। ICC के नियमों के मुताबिक, टिकनर को मैच की तारीख से 7 दिन का अनिवार्य स्टैंड-डाउन पीरियड पूरा करना होगा। इस कारण वे अगले दो वनडे नहीं खेल पाएंगे।
फर्ग्यूसन अब तक चोट से नहीं उबरे
लॉकी फर्ग्यूसन टी-20 सीरीज के दौरान दाईं पिंडली में आई हल्की चोट से पूरी तरह उबर नहीं सके हैं। इस कारण वे चौथे और पांचवें वनडे से बाहर हो गए हैं।
ये भी पढ़ें: कटनी में दीपावली की रात भीषण अग्निकांड, तीन मंजिला इमारत में जिंदा जले छह लोग
5 खिलाड़ी टेस्ट तैयारी के लिए वेलिंगटन जाएंगे
टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स और नाथन स्मिथ बुधवार को हैमिल्टन से वेलिंगटन रवाना होंगे। ये पांचों खिलाड़ी भारत के खिलाफ होने वाली वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज की तैयारी करेंगे। इस वजह से वे पांचवां वनडे नहीं खेलेंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, चौथे और पांचवें वनडे के लिए टीम में दो खिलाड़ियों को जोड़ा जाएगा। पांचवें वनडे के लिए टीम की घोषणा अभी नहीं हुई है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे मंगलवार को हैमिल्टन में खेला जाएगा।

