भोपाल: राजधानी भोपाल में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के प्रमुख घाटों से लेकर आवासीय कॉलोनियों तक चार दिवसीय पर्व की रौनक देखने को मिलेगी। इस दौरान सूर्य उपासना, पारंपरिक पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। शीतलदास की बगिया में होने वाला विशेष छठ महोत्सव आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां 2100 मिट्टी के दीप जलाकर दीपदान किया जाएगा। साथ ही 51 किलो गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा होगी। श्रद्धालुओं के लिए नौका विहार और आतिशबाजी का इंतजाम भी किया गया है।
कमला पार्क के पास स्थित शीतलदास की बगिया में भोजपुरी एकता मंच की ओर से यह आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए पूरे परिसर को पीले कपड़ों, केले के पेड़ों, झंडियों और आम के पत्तों के तोरण से सजाया जाएगा। कार्यक्रम में बिहार की भोजपुरी कलाकार मिथु मिश्रा और वाराणसी के सक्षम शर्मा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। सूर्य को अर्घ्य देने वाले व्रतियों के लिए कच्चे गाय के दूध की व्यवस्था भी की जा रही है।
प्रेमपुरा और नीलबड़ में भी होंगे आयोजन
शीतलदास की बगिया के अलावा प्रेमपुरा और नीलबड़ में भी छठ पूजा के बड़े आयोजन होंगे। शहर की कई आवासीय कॉलोनियों में समितियां अस्थायी तालाब और पूजा कुंड तैयार कर रही हैं। कोकता बायपास कॉलोनी में भी ऐसी व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के लिए दूर स्थित घाटों तक न जाना पड़े।
प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था नगर निगम की ओर से की जाएगी। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: MakeMyTrip की भारतीय कंपनी को IPO लाने की मंजूरी, SEBI ने दी हरी झंडी; शेयर बाजार में लिस्टिंग की तैयारी तेज
13 नवंबर से शुरू होगा छठ महापर्व
मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग ने शीतलदास की बगिया में होने वाले छठ महोत्सव को अपने आयोजन कैलेंडर में शामिल किया है। यहां 15 और 16 नवंबर को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। 14 नवंबर को व्रती खरना करेंगे। 15 नवंबर को डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर को उगते सूर्य को ऊषा अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा।

