भोपाल: मध्यप्रदेश में गौवंश की नस्ल सुधारने और उन्नत नस्ल की गायों की संख्या बढ़ाने के लिए सरकार बड़ा प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है। इसके तहत प्रदेश में हर साल एक लाख भ्रूण तैयार किए जाएंगे। इसके लिए 50 एकड़ जमीन पर विशेष केंद्र स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि परियोजना को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मंजूरी मिल चुकी है। इसमें आधुनिक तकनीक से साहीवाल जैसी उन्नत नस्ल की बछिया तैयार करने के साथ निराश्रित गौवंश में भ्रूण प्रत्यारोपण भी किया जाएगा।
समारोह में मुख्यमंत्री ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के तहत 466 विजेता पशुपालकों के खातों में 2 करोड़ 95 लाख रुपये की राशि अंतरित की। वहीं, प्रदेश की तीन हजार से अधिक पंजीकृत गोशालाओं में रखे 5.51 लाख निराश्रित गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपये का अनुदान जारी किया। मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
गौ माता के रोम-रोम से निकलती है दुआ
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गौवंश का विशेष महत्व है। गौ माता के रोम-रोम से हमारे लिए दुआ निकलती है। भगवान श्रीकृष्ण ने पांच हजार साल पहले ही प्रकृति, जल, वन और जीवों के संरक्षण का संदेश दिया था। गोवर्धन पर्वत उठाकर उन्होंने सामूहिक शक्ति और प्रकृति के महत्व को समझाया।
उन्होंने कहा कि खेती में रासायनिक खाद के अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और बीमारियां भी बढ़ रही हैं। ऐसे में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना जरूरी है। गौपालन से मिलने वाली जैविक खाद खेतों की उर्वरता बढ़ाने के साथ रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने में मदद करती है।
गौशालाओं में प्रति गाय अनुदान 40 रुपये किया
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने गौशालाओं में रखी गायों के भरण-पोषण के लिए मिलने वाली सहायता राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति गाय कर दी है। निजी स्तर पर गोशाला संचालित करने वालों को भी नियमानुसार सहायता दी जा रही है। नगरीय निकायों के माध्यम से भी गौशालाएं चलाई जा रही हैं। सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में वृंदावन गांव विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।
पशुपालकों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि गौरव रघुवंशी की गाय ने 19.760 लीटर दूध देकर पहला स्थान हासिल किया। रतलाम के मुकेश परमार दूसरे और उमरिया की संध्या पांडे तीसरे स्थान पर रहीं।
दूध उत्पादन में प्रदेश को नंबर वन बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश फिलहाल दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। सरकार इसे पहले स्थान पर पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। इसके लिए गांवों में सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों का पंजीयन किया जा रहा है। सरकार श्वेत क्रांति-2 को आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत 25 दुधारू गाय या भैंस की डेयरी इकाई स्थापित करने पर करीब 42 लाख रुपये की परियोजना लागत का 30 प्रतिशत यानी लगभग 13.86 लाख रुपये अनुदान दिया जा रहा है। उन्नत नस्ल और आधुनिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी देने के लिए प्रदेश में पशु मेले भी आयोजित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, 5वें दिन भी शानदार कमाई; वर्ल्डवाइड कलेक्शन 500 करोड़ के पार
महाकाल लोक से धार्मिक पर्यटन को मिली नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। महाकाल लोक बनने के बाद उज्जैन में हर साल सात करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के अवसर बढ़े हैं।
उन्होंने बताया कि ओरछा में 400 करोड़ रुपये और चित्रकूट में करीब दो हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। ओंकारेश्वर में भी धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करना और किसानों व पशुपालकों की आमदनी बढ़ाना है।

