इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर की युवा क्रिकेटर अनादि तागड़े को भारतीय महिला अंडर-19 ए क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है। अनादि आगामी मुथूट फिनकॉर्प टी-20 त्रिकोणीय श्रृंखला में भारतीय टीम की अगुआई करेंगी। इस प्रतियोगिता में भारत की अंडर-19 ए और बी टीमों के अलावा नेपाल की अंडर-19 टीम भी हिस्सा लेगी। बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होने वाली यह सीरीज आगामी आईसीसी अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
चैलेंजर ट्रॉफी में गेंद से किया प्रभावित
अनादि ने हाल ही में बिलासपुर में आयोजित महिला अंडर-19 टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी में अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। उन्होंने टूर्नामेंट में 10 ओवर गेंदबाजी करते हुए 41 रन देकर चार विकेट हासिल किए। फाइनल मुकाबले में उनका प्रदर्शन सबसे प्रभावशाली रहा। उन्होंने चार ओवर में महज 18 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। दबाव के बीच उनकी किफायती गेंदबाजी और विकेट लेने की क्षमता ने टीम को मजबूती दी।
टूर्नामेंट के दौरान अनादि के प्रदर्शन में लगातार सुधार भी देखने को मिला। पहले मुकाबले में उन्होंने तीन ओवर में 15 रन दिए और कोई विकेट नहीं मिला। दूसरे मैच में तीन ओवर में आठ रन देकर एक विकेट हासिल किया। इसके बाद फाइनल में तीन विकेट लेकर उन्होंने अपनी गेंदबाजी का दम दिखाया।
4.10 की रही इकॉनमी, बल्लेबाजी में भी योगदान
चैलेंजर ट्रॉफी में अनादि की गेंदबाजी के आंकड़े भी प्रभावशाली रहे। उन्होंने 10 ओवर में 41 रन देकर चार विकेट लिए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 10.25 और इकॉनमी रेट 4.10 रहा। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, उन्होंने कोई वाइड या नोबॉल नहीं की और केवल एक चौका दिया। उनके नाम एक मेडन ओवर भी रहा।
गेंदबाजी के अलावा अनादि ने बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण में भी योगदान दिया। उन्होंने दो पारियों में कुल 11 रन बनाए और एक कैच भी पकड़ा।
ये भी पढ़ें: सिंगरौली में मकान ढहने से 3 की मौत, मलबे में दबे सभी 7 लोगों का रेस्क्यू
भारत की दोनों टीमों में चुनी गईं 30 खिलाड़ी
महिला चयन समिति ने त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए भारत की अंडर-19 ए और बी टीमों का चयन किया है। दोनों टीमों में 15-15 खिलाड़ियों को जगह मिली है।
भारतीय अंडर-19 ए टीम: भाविका अहिरे, तनिष्का शर्मा, रिया भाटी, इरा जाधव, निधि महतो, इप्सिता मंडल, पूर्वा सिवाच, महक नरवासे, शांभवी राजपूत, मैत्री मनियार, जूली कुमारी, गौरी गोयल, नंदना श्रीधरन, प्रीति कपूर और ग्रिशा कटारिया।
भारतीय अंडर-19 बी टीम: ईश्वरी अवसरे, रचिता हटवार, दीया यादव, अर्चना, श्रेया एस. चव्हाण, समायरा राघव, कुमारी पलक, उमा काशवी, अचसा परमार, निष्ठा सोती, विधि परमार, वंदिता के. राव, अनादि तागड़े, अक्षरा तिवारी और पलक सिंह।

