भोपाल: राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी में 4 से 7 दिसंबर तक आयोजित होने वाले 79वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां जोर शोर से चल रही है। आयोजन को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए इज्तिमा इंतजामिया कमेटी के साथ जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम सहित शासन के विभिन्न विभाग जुटे हुए हैं।
इज्तिमागाह में पंडाल निर्माण, पेयजल, शौचालय, स्नानगृह, सड़क, बिजली और साफ-सफाई से जुड़े कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। देश-विदेश से आने वाले जायरीन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD), लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE), विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के तहत तैयारियों में जुटे हैं।
पंडाल से लेकर पेयजल और शौचालय तक की व्यवस्था
इज्तिमागाह में पंडाल लगाने का काम जारी है। जायरीन के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पाइपलाइन बिछाई जा रही हैं और अलग-अलग स्थानों पर पानी के नल लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा शौचालय और स्नानगृह भी तैयार किए जा रहे हैं। नगर निगम द्वारा साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है, जबकि PWD पहुंच मार्गों और निर्माण कार्यों पर ध्यान दे रहा है।
पेयजल आपूर्ति और विद्युत विभाग बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा है। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग भी चिकित्सा सुविधाओं को लेकर अपनी तैयारियां कर रहा है। बड़ी संख्या में वालंटियर्स भी इज्तिमागाह पहुंचकर व्यवस्थाओं में सहयोग दे रहे हैं।
पानी की खपत में 30 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य
तब्लीगी इज्तिमा का मुख्य संदेश जल संरक्षण रहेगा। इज्तिमा कमेटी ने आयोजन स्थल पर पानी की खपत में कम से कम 30 प्रतिशत कटौती करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए वुजू स्थलों पर पानी की बर्बादी रोकने, पाइपलाइन और नलों में लीकेज नियंत्रित करने तथा पेयजल के व्यवस्थित वितरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: नंदा नगर में भीषण आगजनी, कारों और ऑटो समेत आधा दर्जन वाहन जलकर खाक
वाहन खराब होने पर मुफ्त मदद करेगी मैकेनिकल जमात
इज्तिमा में देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीन निजी वाहनों से पहुंचेंगे। इस दौरान रास्ते में या आयोजन स्थल पर किसी वाहन में तकनीकी खराबी आने पर परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए मैकेनिकल जमात तैनात रहेगी। मरम्मत निःशुल्क उपलब्ध करेंगे।
आलमी तब्लीगी इज्तिमा इंतजामिया कमेटी के मुख्य प्रवक्ता बदरुद्दीन खानने बताया, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम और सभी संबंधित विभागों का पूरा सहयोग मिल रहा है। कमेटी और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय है। बड़ी संख्या में वालंटियर्स भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस वर्ष जल संरक्षण को मुख्य विषय बनाया गया है।
उन्होंने आगे कहा, इज्तिमागाह में पानी की खपत कम से कम 30 प्रतिशत घटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही वाहन खराब होने पर मैकेनिकल जमात निःशुल्क तकनीकी सहायता देगी। अस्थाई दुकानों का आवंटन सभी धर्मों के इच्छुक लोगों के लिए खुला रहेगा और लॉटरी के जरिए किया जाएगा। इज्तिमा के नाम पर किसी तरह का चंदा नहीं लिया जाता है। अगर कोई व्यक्ति चंदा मांगता है तो उसे पैसे न दें और कमेटी को शिकायत करें।

