नई दिल्ली: दिवाली के बाद सोने-चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। आज सोने के भाव में 968 रुपए और चांदी की कीमत में 3 हजार 132 रुपए का उछाल आया है। दोनों कीमती धातुएं महंगी हो गई हैं।
दोनों कीमती धातुएं हुई महंगी
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन यानी IBJA के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 1 लाख 42 हजार रुपए पर पहुंच गई है। वहीं, एक किलो चांदी का भाव 3 हजार 132 रुपए बढ़कर 1 लाख 86 हजार रुपए हो गया है। इससे पहले 6 नवंबर को सोना 1 लाख 41 हजार रुपए और चांदी 1 लाख 83 हजार रुपए प्रति किलो पर थी। यानी दिवाली के बाद दोनों धातुओं की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है।
दिवाली के पहले सोना-चांदी सस्ता हुआ था
वहीं दिवाली के पहले धनतेरस पर सोना-चांदी सस्ता हुआ था। सोने के दाम 2,677 रुपए घटकर करीब 1.41 लाख रुपए पर आ गए थे। एक किलो चांदी 4,432 रुपए सस्ती होकर 1.83 लाख रुपए पर आ गई थी।
ऑल टाइम हाई से 2 लाख रुपए सस्ती हुई चांदी
इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। चांदी की कीमत 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए थी, जो 29 जनवरी को 3.86 लाख रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी। तब से अब तक चांदी 2 लाख रुपए सस्ती हो गई है।
वहीं, 31 दिसंबर 2025 को सोने के दाम 1.33 लाख रुपए थे, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गए थे। तब से अब तक सोना 34 हजार रुपए सस्ता हो चुका है।
ये भी पढ़ें: इस बार खास है इज्तिमा, थीम भी बिल्कुल अलग और नए-नए प्रयोग भी पहली बार
ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
- सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।
- कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।

