भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल अब अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का बड़ा केंद्र बनने जा रही है। शहर में 19 से 28 नवंबर तक एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि मध्य प्रदेश पहली बार इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रहा है। टूर्नामेंट में भारत समेत छह देशों की महिला हॉकी टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी।
सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे
दरअसल, एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के सभी मुकाबले भोपाल के अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी।
टूर्नामेंट के दौरान करीब 150 खिलाड़ी मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगी। भारतीय टीम को घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मिलेगा, वहीं दूसरी देशों की टीमें भी खिताब जीतने के इरादे से भोपाल पहुंचेंगी।
भोपाल को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से भोपाल को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही प्रदेश के हॉकी प्रेमियों को एशिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।
मध्य प्रदेश में पहली बार हो रहे इस आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। अब सभी की नजरें 19 नवंबर से शुरू होने वाले मुकाबलों पर टिकी हैं।
खेल मंत्री विश्वास सारंग ने ट्रॉफी का अनावरण किया
बुधवार को खेल मंत्री विश्वास सारंग ने टीटी नगर स्टेडियम में प्रतियोगिता के आधिकारिक लोगों और ट्रॉफी का अनावरण किया। इस दौरान ट्रॉफी टूर का भी शुभारंभ किया गया। यह ट्रॉफी 11 से 19 नवंबर तक प्रदेश के सभी संभागों में पहुंचेगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया करेंगे। इसी अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण का लोकार्पण भी होगा।
प्रतिदिन तीन डे-नाइट मैच आयोजित होंगे
करीब 5 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में फ्लड लाइट की रोशनी में मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतिदिन तीन डे-नाइट मैच आयोजित होंगे। दर्शकों के लिए सभी मुकाबलों में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। प्रतियोगिता का स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और हॉटस्टार पर दुनिया के 166 देशों में लाइव प्रसारण किया जाएगा। मेजबान भारत का पहला मुकाबला 19 नवंबर को मलेशिया से होगा।
ये भी पढ़ें: कीर्ति आजाद का विवादित बयान-बोले- ‘राम मंदिर नहीं जाऊंगा’; भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम मानने से किया इनकार
सलीमा टेटे संभालेंगी भारतीय टीम की कमान
हॉकी इंडिया ने मंगलवार को एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा की। मिडफील्डर सलीमा टेटे टीम की कप्तानी करेंगी। जापान में पिछले महीने हुए एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय टीम पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में उतरेगी।
घरेलू मैदान पर खेलने वाली भारतीय टीम की नजर लगातार तीसरी और कुल चौथी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने पर होगी।

