उज्जैन: महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के दौरान श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। दिल्ली से आए चार श्रद्धालुओं ने मंदिर के सुरक्षा कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। हैरानी की बात यह है कि मंदिर समिति की कोर सिक्योरिटी कंपनी ने उन्हीं चार श्रद्धालुओं के खिलाफ महाकाल थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है।
श्रद्धालुओं और मंदिर के सुरक्षा कर्मियों के बीच हुआ विवाद
घटना मंगलवार सुबह की है, जब महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान बैरिकेड खोले गए। इसके बाद अचानक व्यवस्था बिगड़ गई और श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
इसी दौरान दिल्ली से आए चार श्रद्धालुओं और मंदिर के सुरक्षा कर्मियों के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद श्रद्धालुओं ने उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया। वहीं, मंदिर समिति की कोर सिक्योरिटी कंपनी ने श्रद्धालुओं के खिलाफ ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
घटना में मंदिर समिति की कोर सिक्योरिटी कंपनी के एएसओ पवन शर्मा ने महाकाल थाने में आवेदन देकर दिल्ली के चार श्रद्धालुओं के खिलाफ मंगलवार देर शाम मामला दर्ज कराया है।
बैरिकेड खुलने के बाद बिगड़ी व्यवस्था
मंदिर समिति की कोर सिक्योरिटी कंपनी के एएसओ पवन शर्मा ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह भस्म आरती के दौरान चलित दर्शन की लाइन को त्रिवेणी द्वार के अंदर व्यवस्थित किया गया था। इसी दौरान फूल-प्रसाद विक्रेताओं ने अन्नक्षेत्र के सामने लगा बैरिकेड खोल दिया, जिससे व्यवस्था बिगड़ने लगी। बैरिकेड को दोबारा उठाकर बंद किया जा रहा था, तभी कुछ दर्शनार्थी निर्धारित लाइन तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए और उनके साथ आए कुछ अन्य लोग बाहर रह गए।
श्रद्धालुओं को लाइन में आने की समझाइश देने के दौरान विवाद हुआ। इसके बाद मंदिर समिति के सुरक्षाकर्मियों ने दिल्ली के जतिन गोयल, अनुज गोयल, अमर गोयल और सत्यम पर मारपीट का आरोप लगाते हुए महाकाल थाने में मामला दर्ज कराया।
ये भी पढे़ं: महाकाल मंदिर में दिल्ली के श्रद्धालुओं से मारपीट, विवाद के बाद उन्हीं पर FIR दर्ज; गार्डों पर उठे सवाल
भाजपा पार्षद ने मंदिर की छवि खराब करने का लगाया आरोप
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने मंदिर की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर में आए दिन श्रद्धालुओं के साथ मारपीट और विवाद की घटनाएं सामने आ रही हैं। सुरक्षा गार्डों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे किसी को कुछ नहीं समझते।
तिवारी ने कहा कि पिछले दो वर्षों से लगातार इस तरह की घटनाएं मंदिर परिसर में हो रही हैं, जिससे महाकाल मंदिर और उज्जैन की छवि खराब हो रही है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। मंदिर में कुछ दिन पहले अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज के साथ भी घटना हुई थी। पहले भी श्रद्धालुओं के साथ विवाद होते रहे हैं और बाद में उन्हीं को दोषी ठहराकर एफआईआर दर्ज करा दी जाती है।

