बेगमगंज: शिक्षा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए बेगमगंज के शिक्षक परिवार की तीसरी पीढ़ी ने शिक्षा का कारवां और आगे बढ़ा दिया है। शिक्षाविद दीपक कटारे की सुपुत्री सलोनी कटारे ने पीएचडी कर डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की है। इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे बेगमगंज नगर का मान बढ़ा है।
सागर विश्वविद्यालय में हुई मौखिक परीक्षा
डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के संचार एवं पत्रकारिता विभाग में आयोजित मौखिक परीक्षा के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद सलोनी कटारे को डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई।
सलोनी का शोध कार्य भारतीय हिंदी सिनेमा में लैंगिकता एवं जेंडर प्रतिनिधित्व के बदलते आख्यानों तथा ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर उनके चित्रण पर केंद्रित रहा।
पिता को मानती हैं आदर्श
सलोनी के लिए यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पारिवारिक गौरव का भी विषय है। वह परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं, जो शिक्षा के क्षेत्र में अपना योगदान देने के लिए अग्रसर हैं। सलोनी अपने शिक्षाविद पिता दीपक कटारे को अपना आदर्श मानती हैं और उनके शैक्षणिक संस्कारों, विचारों एवं पदचिह्नों पर चलते हुए शिक्षा जगत में सार्थक योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बाह्य परीक्षक ने की शोध की सराहना
मौखिक परीक्षा में बाह्य परीक्षक के रूप में दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय से पधारे प्रो. अतिश पराशर उपस्थित रहे। उन्होंने सलोनी के शोध कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज के उत्थान और सकारात्मक परिवर्तन के लिए इस प्रकार के शोध अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने समाज को सलोनी जैसी लगनशील, कर्मठ और समर्पित शोधार्थियों की आवश्यकता पर बल दिया, जो अपने शोध के माध्यम से सामाजिक विमर्श को नई दिशा प्रदान कर सकें।
माता-पिता के त्याग को मिला सम्मान
इस गौरवशाली अवसर पर सलोनी की माता श्रीमती भावना कटारे एवं पिता दीपक कटारे भी उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति और सहयोग की सराहना करते हुए विभागाध्यक्ष प्रो. कालीनाथ झा ने कहा कि संतान की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, मार्गदर्शन और संस्कार सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
यह भी पढ़ें: महामंडलेश्वर इंद्रदेव पर रेप के आरोप, साध्वी हर्षानंद बोलीं- गद्दी पर बैठने का अधिकार नहीं
शोध प्रस्तुति में बताया ओटीटी का प्रभाव
मौखिक परीक्षा के दौरान शोध निर्देशक डॉ. विवेक जायसवाल के साथ विभाग के प्राध्यापक अलीम अहमद खान भी उपस्थित रहे। लगभग आधे घंटे से अधिक चली प्रस्तुति में सलोनी ने अपने शोध कार्य की विषयवस्तु, शोध पद्धति, प्रमुख निष्कर्षों और उसकी सामाजिक प्रासंगिकता को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि ओटीटी के बढ़ते प्रभाव के दौर में हिंदी सिनेमा में जेंडर और लैंगिकता के बदलते चित्रण का अध्ययन समकालीन समाज को समझने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
सलोनी की इस उपलब्धि पर परिजनों, शुभचिंतकों एवं शिक्षाविदों सहित जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

