जबलपुर: अधारताल के बाजार में सुबह-सुबह एक अलग ही नजारा देखने को मिलता है। काउबॉय स्टाइल की टोपी लगाए, साइकिल पर छतरी ताने एक बुजुर्ग चाय की केतली लेकर बाजार में घूमते नजर आते हैं। ये हैं 70 साल के घनश्याम कोष्ठा। उम्र भले ही 70 पार कर गई हो, लेकिन इनका जोश और स्टेमिना आज के युवाओं को भी पीछे छोड़ देता है।
लोग इन्हें देखते ही आवाज लगा देते हैं, “घनश्याम भैया, एक कटिंग तो पिला दो।” और घनश्याम मुस्कुराते हुए अपनी साइकिल रोक लेते हैं। उनकी साइकिल सिर्फ सवारी नहीं, बल्कि चलती-फिरती चाय की दुकान है, जो उनके परिवार की रोजी-रोटी का सहारा है। रोजाना करीब 300 कप चाय बेचकर वह 10 रुपए प्रति कप के हिसाब से परिवार का खर्च आराम से चला रहे हैं।
सुबह 5 बजे शुरू हो जाती है दिनचर्या
घनश्याम की दिनचर्या सुबह 5 बजे शुरू हो जाती है। घर पर उनकी पत्नी चाय तैयार करती हैं। इसके बाद वह चाय को केतली में भरकर अपनी साइकिल के साथ निकल पड़ते हैं। अधारताल के बाजार और आसपास की दुकानों पर घूम-घूमकर चाय पहुंचाते हैं।
उनके गले में हमेशा मोबाइल लटका रहता है। जैसे ही किसी ग्राहक का फोन आता है, वह पांच मिनट के भीतर चाय लेकर पहुंचने की कोशिश करते हैं। उनके पास सामान्य दूध वाली चाय के अलावा मसाला चाय भी उपलब्ध रहती है। इसकी खासियत यह है कि मसाले का मिश्रण वह घर पर ही तैयार करते हैं, जिसे ग्राहक काफी पसंद करते हैं।
35 साल पहले आए थे जबलपुर, कोरोना ने बदल दिया रोजगार का तरीका
घनश्याम बताते हैं कि वह करीब 35 साल पहले जबलपुर आए थे। शुरुआत में उन्होंने चाय की दुकान पर काम किया। लंबे समय तक इसी काम से परिवार का गुजारा चलता रहा, लेकिन कोरोना महामारी के दौरान उनकी चाय की दुकान बंद हो गई। उस समय उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया।
उन्होंने हार मानने के बजाय खुद ही चाय बेचने का फैसला किया और साइकिल को अपना नया ठिकाना बना लिया। धीरे-धीरे बाजार में उनकी पहचान बन गई और लोग उनकी चाय का इंतजार करने लगे।
यह भी पढ़ें: करीना कपूर के पेंडेंट पर विवाद, भोपाल रियासत की बेगम की निशानी पहनने पर कांग्रेस नेता ने भेजा लीगल नोटिस
साइकिल को बनाया स्टाइलिश, धूप से बचने के लिए लगवाई खास छतरी
घनश्याम ने अपने काम को कभी मजबूरी या बोझ नहीं समझा, बल्कि इसे शौक के साथ अपनाया। यही वजह है कि उन्होंने अपनी साइकिल को भी खास अंदाज दिया है। सामने के हिस्से में केतली रखने के लिए स्टैंड बनवाया है। धूप से बचने के लिए ऊपर चौकोर आकार की छतरी लगवाई है, जिस पर कपड़ा लगा हुआ है। सिर पर हमेशा काउबॉय स्टाइल की टोपी पहनते हैं।
उनका कहना है कि 70 साल की उम्र में भी उन्हें थकान महसूस नहीं होती। वह आसानी से छह से सात घंटे तक साइकिल चला लेते हैं।
घनश्याम बताते हैं कि उन्होंने अपने बेटे को भी इसी काम से जोड़ दिया है। बेटा शहर के दूसरे बाजार में इसी तरह साइकिल पर चाय बेचता है और अपना रोजगार चला रहा है। घनश्याम का मानना है कि कोई काम छोटा या बड़ा नहीं होता, उसे करने का तरीका ही उसकी पहचान बनाता है। वह कहते हैं कि जब तक उनके हाथ-पैर चलते रहेंगे, वह घर बैठकर दूसरों पर निर्भर नहीं रहेंगे।

