बुरहानपुर: जंगली सुअरों से परेशान बुरहानपुर के किसान का देसी जुगाड़ पूरे इलाके में चर्चा में है। इस किसान ने खेत में ऐसा साउंड सिस्टम लगाया है, जिसकी वजह से रात भर खेत से आवाजें आती रहती हैं और अब उनके खेतों में रात के वक्त जंगली सुअर भी एंट्री मारने से डरते हैं।
दरअसल, किसान ने जंगली सुअरों की समस्या से बचाव का अनोखा उपाय खोज निकाला है। उन्होंने खेत में साउंड सिस्टम स्थापित किया है, जो रोज शाम होते ही शुरू हो जाता है। इस सिस्टम से रातभर कुत्तों के भौंकने और पटाखों की आवाज निकलती है। किसानों का यह प्रयोग सफल हुआ है, यही वजह है कि जंगली सुअरों ने खेतों में आना बंद कर दिया है।
केले और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे सुअर
बुरहानपुर जिले में केला व अन्य फसल उत्पादक किसान अपने खेत में रात के समय आने वाले सुअरों के झुंड से परेशान हैं। सुअर फसलों को भारी नुकसान पहुंचाते थे। किसान अब तक इस समस्या से निपटने के लिए देर रात खेतों में जाकर पटाखे छोड़ते थे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा था। ऐसे में बुरहानपुर के अडगांव के एक किसान पुत्र ने इस समस्या का समाधान करने के लिए दिमाग चलाया और खेत में साउंड सिस्टम स्थापित कर दिया।
जंगली सुअरों ने आना किया बंद
शाम होते ही इस साउंड सिस्टम से कुत्तों की आवाज और पटाखों की आवाज बजना शुरू हो जाती है। यह सिलसिला शाम से लेकर रातभर चलता है। इस नवाचार का किसानों को लाभ भी मिलने लगा है। किसानों का दावा है कि जब से खेत में ये साउंड सिस्टम लगाया है, तब से जंगली सुअरों ने उनके खेत में आना बंद कर दिया है। आसपास के किसान भी इस सिस्टम को देखने पहुंच रहे हैं और जिन केला खेतों में सुअर आकर लाखों की फसल बर्बाद कर रहे हैं, वे किसान भी अपने-अपने खेतों में इस तरह के साउंड सिस्टम लगाना चाहते हैं।
देसी जुगाड़ से किसानों को बड़ी राहत
किसान समाधान चौधरी ने बताया, ‘मैंने 2 एकड़ में चना फसल लगाई है। रात के अंधेरे में अक्सर जंगली सुअर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं, इससे किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। लेकिन मेरे बेटे ने जंगली सुअर से निजात पाने का तरीका खोज निकाला है। उसने खेत में साउंड सिस्टम स्थापित किया है, रात भर इसमें कुत्ते और पटाखे की आवाज आती है।’
इसी तरह किशन विलास चौधरी ने बताया, ‘हमने भी दो एकड़ में केला फसल लगाई है। केले के खेत में रोजाना जंगली सुअर 8 से 10 पेड़ों को नुकसान पहुंचा रहे थे, इससे हम काफी परेशान थे। ऐसे में मेरे भतीजे ने देसी जुगाड़ अपनाया है।’ उसने साउंड सिस्टम तैयार किया, इस सिस्टम को खेत में लगाया है, अब जंगली सुअरों ने खेतों में आना-जाना बंद कर दिया है।
यह भी पढ़ें: 70 की उम्र में गजब स्टेमिना, घंटों साइकिल से चाय बेचते हैं घनश्याम
किसानों के देसी जुगाड़ की तारीफ
मध्य प्रदेश केला महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत पाटिल ने किसानों के इस नवाचार की तारीफ करते हुए कहा, “देश का किसान जब भी किसी समस्या का सामना करता है, वह इसी तरह के जुगाड़ से अपनी समस्या का समाधान खोज निकालता है। हमने राज्य सरकार से तार फेंसिंग के लिए अनुदान योजना को बुरहानपुर जिले में भी लागू करने की मांग की है।”

