Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsद्वारकाधीश साढ़े 3 दिन की मेहमानी पर पहुंचे चंबल, द्वारका धाम में...

द्वारकाधीश साढ़े 3 दिन की मेहमानी पर पहुंचे चंबल, द्वारका धाम में बंद हो गए पट

मुरैना: मध्य प्रदेश के चंबल अंचल में इन दिनों आस्था का उत्सव मनाया जा रहा है, जो अपनी अनूठी परंपरा के कारण देशभर का ध्यान खींचता है। मुरैना गांव के प्राचीन दाऊजी धाम में गुजरात के द्वारका मंदिर से भगवान द्वारिकाधीश साढ़े तीन दिन के मेहमान बनकर पधारे हैं। दीपावली की पड़वा पर नागलीला के साथ भगवान का आगमन हुआ। इसके बाद बैंड-बाजों, जयकारों और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भगवान के मंदिर में विराजमान होते ही प्रदेश के इस प्रसिद्ध धार्मिक आयोजन का पारंपरिक साढ़े तीन दिवसीय लीला मेला शुरू हो गया।

यह मेला महज उत्सव नहीं, बल्कि चंबल की सदियों पुरानी लोकआस्था, धार्मिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। यहां अगले साढ़े तीन दिन भक्ति, लीला और उल्लास का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

दीवाली की पड़वा पर आस्था का अनूठा संगम

चंबल अंचल में दीपावली की पड़वा पर आस्था का ऐसा अनूठा दृश्य देखने को मिला, जिसकी परंपरा करीब आठ सदियों से निभाई जा रही है। गुजरात की द्वारिकापुरी से भगवान द्वारिकाधीश मंगलवार शाम साढ़े तीन दिन के मेहमान बनकर मुरैना गांव स्थित प्राचीन दाऊजी मंदिर पहुंच गए। उनके आगमन के साथ ही क्षेत्र के प्रसिद्ध पारंपरिक लीला मेले का शुभारंभ हो गया। भगवान के स्वागत के लिए दीपावली से ही मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

घोड़ा-बग्गी के साथ निकाली गई शोभायात्रा

मंगलवार शाम पूजा-अर्चना के बाद स्वामी परिवार के यहां से बाल स्वरूप में सजे भगवान को घोड़ा-बग्गी में विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और भजन-कीर्तन के बीच निकली यात्रा में श्रद्धालु नाचते-गाते मंदिर तक पहुंचे। मंदिर पहुंचने पर बाल स्वरूप में भगवान से श्रीकृष्ण की लीलाएं कराई गईं। अगले साढ़े तीन दिन मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिर के महंत श्रीनिवास शर्मा के अनुसार,’यहां भगवान श्रीकृष्ण की 785 वर्ष पुरानी प्रतिमा विराजमान है।’

भगवान ने भक्त को दिया था साढ़े तीन दिन वापस आने का वचन

मान्यता है कि भगवान कभी इस गांव में गाय चराने आया करते थे। स्वामी परिवार के मुखिया गोपराम स्वामी उनके अनन्य भक्त थे और उन्हें दाऊ कहकर पुकारते थे। विदाई के समय गोपराम स्वामी की प्रार्थना पर भगवान ने वचन दिया कि प्रतिमा गांव में रहेगी, मंदिर उनके नाम से जाना जाएगा और वे हर वर्ष दीपावली की पड़वा से साढ़े तीन दिन यहां आएंगे। लोकमान्यता के अनुसार भगवान इस दौरान तालाब में नाग रूप में भी दर्शन देते हैं। इसी विश्वास से पड़वा से चतुर्थी की दोपहर तक बाल लीलाओं और पूजा की परंपरा निभाई जाती है। दूर-दराज के गांवों से भी भक्त परिवार सहित पहुंचते हैं।

यह भी पढ़ें: किसान ने लगाई ऐसी जुगाड़, अब जंगली सुअर भी खेत में आने से डरते हैं

बांसुरी की धुन बजाकर किया जाता है भगवान का आह्वान

मुरैना गांव में लीला मेले की परंपरा आस्था और अनूठी मान्यताओं से जुड़ी है। शोभायात्रा से पहले बांसुरी की मधुर धुन बजाकर भगवान का आह्वान किया जाता है। नवजात शिशु को अधिक समय तक इस स्वरूप में रखना संभव नहीं होने के कारण दो बालकों को श्रीकृष्ण और बलदाऊ के वेश में सजाकर प्रतीकात्मक रूप से भगवान का स्वरूप दिया जाता है। इसके बाद उनकी पूजा-अर्चना कर स्वामी परिवार के प्रमुख घरों में ले जाया जाता है, जहां आरती और भोग लगाया जाता है।

फिर दोनों बालस्वरूपों को रथ पर विराजमान कर स्वामी मोहल्ले से दाऊजी मंदिर तक शोभायात्रा निकाली जाती है। रास्ते में घर-घर श्रद्धालु उनकी पूजा और आरती करते हैं। मंदिर पहुंचने पर माखन चोरी, पूतना वध सहित भगवान की विभिन्न बाल लीलाओं का मंचन होता है। इस आयोजन में अंबाह, पोरसा, सबलगढ़, कैलारस, जौरा, ग्वालियर, श्योपुर, आगरा, राजस्थान और दिल्ली सहित दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन