तेहरान: ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने नई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी का वीडियो जारी किया है। इसमें बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ उन्हें लॉन्च करने वाले सिस्टम भी रखे दिखाई दिए।
IRGC से जुड़ी न्यूज एजेंसी तस्नीम ने इस मिसाइल सिटी की तस्वीरें जारी की। गल्फ न्यूज के मुताबिक, ईरान के करीब 90% मिसाइल ठिकाने और सुरंगों में बने भंडार अब भी काम कर रहे हैं। इन पर हवाई हमले किए जाने के बाद भी ये चालू हैं।
ईरान ने दिखाई अपनी सैन्य ताकत
ईरान ने यह वीडियाे ऐसे समय साझा किया है, जब अमेरिका उस पर प्रतिबंध जारी रखे हुए है और उसकी नौसैनिक नाकेबंदी भी कर रहा है।
गल्फ न्यूज के मुताबिक, इस मिसाइल सिटी को दिखाकर ईरान यह संदेश देना चाहता है कि हमलों के बावजूद उसकी सैन्य ताकत बनी हुई है।
ईरान अपने दुश्मनों के ठिकानों पर पूरे इलाके में हमला कर सकता है
जमीन के नीचे मिसाइल बनाने और रखने की व्यवस्था से ईरान अपने हथियारों को हवाई हमलों से बचाना चाहता है। इसके लिए वह सैन्य ठिकानों को अलग-अलग जगहों पर बना रहा है और उन्हें जमीन के नीचे छिपा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान IRGC कमांडर माजिद मौसवी ने चेतावनी भी दी कि जरूरत पड़ने पर ईरान अपने दुश्मनों के ठिकानों पर पूरे इलाके में और उससे बाहर भी हमला कर सकता है।
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला, बाइक सवार हमलावरों की फायरिंग में 3 CRPF जवान घायल
ईरान जमीन के नीचे ही मिसाइल बना रहा
IRGC प्रवक्ता हुसैन मोहेबी ने बताया कि ईरान ने मिसाइल और ड्रोन बनाने वाली फैक्ट्रियों को जमीन के ऊपर से हटाकर अंडरग्राउंड ठिकानों में शिफ्ट कर दिया है। इन जगहों को उन्होंने सिर्फ हथियार रखने का ठिकाना नहीं, बल्कि ‘मिसाइल बनाने वाले शहर’ बताया।
मोहेबी के मुताबिक, ईरान के पास हथियार बनाने की अपनी तकनीक है। इससे वह भारी बमबारी के बावजूद मिसाइल और ड्रोन बनाने का काम जारी रख सकता है।
ईरान की IRGC एयरोस्पेस फोर्स मिसाइल और ड्रोन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालती है। जमीन के नीचे फैक्ट्रियां और भंडार बनाने का मकसद उन्हें हवाई हमलों से बचाना और हमले होने के बाद भी मिसाइल बनाने और लॉन्च करने की क्षमता बनाए रखना है।

