मुरैना: मध्यप्रदेश के मुरैना में रास्ते और नाली के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में महिला और पुरुष समेत दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में क्रॉस केस दर्ज किया है।
नाली के इस्तेमाल को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद
मामला मुरैना जिले के बागचीनी थाना क्षेत्र के रसोंधना गांव का है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर शाम रास्ते और नाली के इस्तेमाल को लेकर रजक समाज के दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच इस मुद्दे को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम एक बार फिर इसी बात पर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई।
दोनों पक्षों से महिला और पुरुष घायल
इस घटना में दोनों पक्षों के महिला और पुरुष घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जौरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें: हमलों के बाद भी ईरान की मिसाइल ताकत बरकरार, दिखाई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी
दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज करने की तैयारी
बागचीनी थाना प्रभारी कुलदीप राजपूत ने बताया कि मामूली विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। दोनों तरफ के महिला और पुरुष घायल हुए हैं। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।

