Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsरायसेन जिला अस्पताल में हंगामे के बाद 33 रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर,...

रायसेन जिला अस्पताल में हंगामे के बाद 33 रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर, मरीजों की बढ़ी मुश्किल

सुरक्षा नहीं तो इलाज नहीं, डॉक्टरों ने सिविल सर्जन को सौंपा पत्र, हंगामा करने वालों पर FIR की मांग

रायसेन: जिला अस्पताल में दो दिन पहले एक गर्भवती महिला की मौत के बाद मचे बवाल का असर अब सीधे मरीजों की जान पर पड़ने लगा है। हंगामे, तोड़फोड़ और डॉक्टर के साथ मारपीट की कोशिश से नाराज 33 रेजिडेंट डॉक्टरों ने बुधवार से काम बंद कर दिया है। डॉक्टरों ने साफ कह दिया है – जब तक सुरक्षा नहीं मिलेगी, तब तक इलाज नहीं होगा।

डॉक्टरों ने इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. अनिल ओढ़ को लिखित पत्र सौंपा है, जिसमें अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और हंगामा करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई है।

क्या हुआ था उस रात?

रेजिडेंट डॉक्टरों के मुताबिक, गर्भवती की मौत के बाद परिजनों और भीड़ ने अस्पताल में करीब 4 से 5 घंटे तक जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात एक रेजिडेंट डॉक्टर के साथ मारपीट की कोशिश भी की गई।

डॉक्टरों का कहना है कि उस रात अस्पताल में कोई सुरक्षा नहीं थी। पुलिस भी देर से पहुंची। तब से सभी डॉक्टरों में भय का माहौल है। कोई भी डॉक्टर डर के साए में ड्यूटी करने को तैयार नहीं है।

डॉक्टरों की 2 बड़ी मांगें 

1. अस्पताल में 24 घंटे पुलिस / सुरक्षा गार्ड की स्थायी तैनाती हो।
2. हंगामा, तोड़फोड़ और मारपीट की कोशिश करने वालों पर तुरंत FIR दर्ज हो।

डॉक्टरों ने पत्र में स्पष्ट लिखा है कि असुरक्षित माहौल में मरीजों का इलाज करना उनके लिए मुश्किल है। अगर फिर ऐसी घटना हुई, तो जिम्मेदारी किसकी होगी?

3 महीने के लिए आते हैं ये डॉक्टर

बता दें, जिला अस्पताल में कार्यरत ये 33 रेजिडेंट डॉक्टर 3 महीने की अवधि के लिए यहां सेवाएं देने आते हैं। इनके काम बंद करने से ओपीडी, इमरजेंसी और वार्ड की व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।

यह भी पढ़ें: बिना कुछ गिरवी रखे मिलेगा 20 लाख रुपये तक का बिजनेस लोन, सरकार ने बढ़ाई क्रेडिट गारंटी योजना

सिविल सर्जन ने क्या कहा?

सिविल सर्जन डॉ. अनिल ओढ़ ने बताया कि रेजिडेंट डॉक्टरों का पत्र मिल गया है। उन्होंने अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा नहीं होने की बात कहते हुए काम बंद किया है। इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। जल्द ही मामले का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

अब सवाल ये है कि प्रशासन डॉक्टरों की सुरक्षा कब सुनिश्चित करेगा? और जब तक डॉक्टर हड़ताल पर हैं, तब तक मरीजों का इलाज कौन करेगा?

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन