वॉशिंगटन डीसी : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को ईरान के साथ शांति वार्ता से अलग कर दिया है। ट्रम्प ने अब उन्हें घरेलू मामलों पर ध्यान देने की जिम्मेदारी सौंपी है।
घरेलू मामलों पर ध्यान देने की जिम्मेदारी सौंपी
ट्रम्प ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर कहा कि जेडी वेंस अब डेमोक्रेटिक पार्टी शासित राज्यों और शहरों में भ्रष्टाचार और अपराध से जुड़े मामलों की जांच पर ध्यान देंगे। इसके साथ ही ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका को अब ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। इस बयान के बाद ईरान के साथ शांति वार्ता को लेकर अमेरिकी प्रशासन की रणनीति चर्चा में है।
वेंस ईरान के साथ युद्ध के पक्ष में नहीं थे
ट्रम्प ने इस साल की शुरुआत में ईरान के साथ बातचीत की जिम्मेदारी वेंस को दी थी। वेंस इस युद्ध के पक्ष में नहीं थे। अप्रैल में उन्होंने पाकिस्तान जाकर ईरानी नेताओं से कई घंटे बातचीत भी की थी, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका।
हाल ही में वेंस ने एक बार फिर ईरान से बातचीत शुरू करने की कोशिश की थी। उन्होंने कतर के जरिए ईरान के बड़े नेता मोहसिन रजाई को पत्र भेजा था।
इसमें जल्द ही दोनों देशों के अधिकारियों की बैठक कराने का प्रस्ताव दिया गया था। वेंस ने यह भी कहा था कि वे अमेरिकी टीम की अगुआई करेंगे। लेकिन अब ट्रम्प ने इस कोशिश को रोक दिया है।
ये भी पढ़ें: चौथे वनडे में न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 334 रन का लक्ष्य, यंग का शतक; साइफर्ट की फिफ्टी
वेंस ने ईरान युद्ध को चुनावी हार की वजह बताया था
अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा नुकसान हुआ है। चुनाव के बाद वेंस ने पार्टी की हार के लिए ईरान युद्ध को जिम्मेदार बताया था।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था, ‘हमारी हार की वजह युद्ध है।’ वेंस ने यह भी कहा था कि अगर किसी को लगता है कि युद्ध की वजह से अगले छह साल तक सीनेट का नियंत्रण गंवाना सही फैसला था, तो वह अपनी बात रख सकता है।
वेंस के इस बयान को ट्रम्प प्रशासन की युद्ध नीति की आलोचना माना गया था। हालांकि, ट्रम्प ने कहा था कि उन्हें वेंस की बातों से कोई नाराजगी नहीं है।
उन्होंने कहा था कि भले ही कई लोगों को वेंस की टिप्पणी पसंद नहीं आई, लेकिन उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है।

