सागर: सागर की सत्र अदालत ने हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी नरेंद्र राजपूत को पांच साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। इस मामले में फरियादी और अन्य गवाह अपने बयानों से मुकर गए थे, लेकिन घायल की गवाही, मेडिकल रिपोर्ट और बरामद चाकू के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया गया।
मामले की सुनवाई सत्र न्यायाधीश एमके शर्मा की अदालत में हुई। न्यायालय ने ग्राम देवलचौरी निवासी 43 वर्षीय नरेंद्र राजपूत को हत्या के प्रयास का दोषी माना।
बीच-बचाव करने पहुंचे व्यक्ति पर चाकू से हमला
अभियोजन के अनुसार, घटना 27 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 7:20 बजे राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम देवलचौरी की है। फरियादी हनुमत सिंह राजपूत के मकान के सामने विवाद हो रहा था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राम मेनवारा निवासी 55 वर्षीय खेत सिंह ठाकुर पर नरेंद्र राजपूत ने बटनदार चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने उनके पेट में चाकू घोंप दिया था।
छोटी आंत में हुआ था गहरा घाव
हमले में खेत सिंह की छोटी आंत में गहरा छेद हो गया था। पेट में करीब 700 से 800 मिलीलीटर खून जमा होने से उनकी हालत गंभीर हो गई थी। घटना के बाद उन्हें डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां ऑपरेशन के बाद करीब 15 दिनों तक उनका इलाज चला।
गवाह मुकरने पर भी घायल की गवाही बनी आधार
मामले की सुनवाई के दौरान फरियादी और अन्य गवाह अपने बयानों से मुकर गए। इसके बावजूद अदालत ने घायल खेत सिंह की गवाही को महत्वपूर्ण माना। न्यायालय ने सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न न्याय दृष्टांतों और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 की धारा 139 का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी मामले में गवाहों की संख्या के बजाय साक्ष्य की गुणवत्ता अधिक महत्वपूर्ण होती है। अन्य गवाहों के पक्षद्रोही होने से घायल की विश्वसनीय गवाही को खारिज नहीं किया जा सकता।
ये भी पढ़ें: रीवा में फर्जी अनुकंपा नियुक्ति : पूर्व DEO पर FIR के निर्देश
मेडिकल रिपोर्ट और चाकू से हुई पुष्टि
अदालत ने पाया कि घायल की गवाही को डॉक्टरों के बयान, चिकित्सीय दस्तावेजों और आरोपी की निशानदेही पर बरामद बटनदार चाकू से समर्थन मिलता है। इन साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने नरेंद्र राजपूत को हत्या के प्रयास का दोषी ठहराया और पांच साल के सश्रम कारावास के साथ पांच हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई।

