Friday, November 13, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending news8 दिन में 'रामायण' की कमाई 1033 करोड़ पार, पठान का रिकॉर्ड...

8 दिन में ‘रामायण’ की कमाई 1033 करोड़ पार, पठान का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब

मुंबई: रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। रिलीज के महज आठ दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 1,033.55 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इसके साथ ही यह सबसे तेजी से 1,000 करोड़ रुपये कमाने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। अब फिल्म की नजर शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर ‘पठान’ के रिकॉर्ड पर है। मौजूदा रफ्तार बरकरार रही तो यह जल्द ही पठान को पीछे छोड़ सकती है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने महज आठ दिनों में 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ और अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ ने सात दिनों में यह आंकड़ा पार किया था।

भारत में 675 करोड़, विदेशों से 358 करोड़ की कमाई

फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर आठ दिनों में 564.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है, जबकि ग्रॉस कमाई 675.05 करोड़ रुपये रही। वहीं, विदेशी बाजारों से फिल्म ने 358.50 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इस तरह इसका कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,033.55 करोड़ रुपये हो गया है।

फिल्म की कमाई में हिंदी वर्जन का सबसे बड़ा योगदान रहा है। आठ दिनों में हिंदी वर्जन से 437 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इसके अलावा कन्नड़ वर्जन ने 48.95 करोड़ और तेलुगु वर्जन ने 38.05 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

हिंदी सिनेमा की छठी सबसे बड़ी फिल्म बनी

‘रामायण: पार्ट 1’ आठ दिनों के भीतर हिंदी सिनेमा के इतिहास की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। इस सूची में आमिर खान की ‘दंगल’ पहले स्थान पर है, जिसने दुनियाभर में करीब 2,054 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

फिल्म 2026 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म भी बन चुकी है। इसके अलावा भारतीय फिल्मों की ऑलटाइम कमाई की सूची में यह 11वें स्थान पर पहुंच गई है। अब इसके टॉप-10 में जगह बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

1,000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली 10वीं भारतीय फिल्म

‘रामायण’ दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई करने वाली 10वीं भारतीय फिल्म बन गई है। इससे पहले ‘दंगल’, ‘बाहुबली 2’, ‘पुष्पा 2’, ‘धुरंधर 2’ और ‘जवान’ जैसी फिल्में यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं।

रणबीर कपूर के करियर में भी यह पहली फिल्म है, जिसने दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है। इससे पहले उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘एनिमल’ थी। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने करीब 917 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

ये भी पढ़ें: जाकिर नाइक के संगठन IRF पर 5 साल और बढ़ा प्रतिबंध, गृह मंत्रालय का फैसला

2,800 करोड़ की कमाई पर हिट मानी जाएगी फिल्म

फिल्म ट्रेड एक्सपर्ट सुमित कडेल के मुताबिक, किसी फिल्म की सफलता का आकलन केवल उसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से नहीं, बल्कि डिस्ट्रीब्यूटर शेयर के आधार पर किया जाता है।

उन्होंने बताया कि मेकर्स ने हाईकोर्ट में फिल्म का आधिकारिक बजट 2,000 करोड़ रुपये बताया है। इस हिसाब से फिल्म को हिट कहलाने के लिए भारतीय बाजार में हिंदी वर्जन से कम से कम 1,100 करोड़ रुपये और दुनियाभर में करीब 2,800 करोड़ रुपये की कमाई करनी होगी।

फिलहाल आठ दिनों में 1,033 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी ‘रामायण’ के सामने अब अपनी कमाई की रफ्तार बनाए रखने और नए रिकॉर्ड बनाने की चुनौती है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन