भोपाल: राजधानी भोपाल में गुरुवार को 26वीं नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप का आगाज हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुलसी नगर स्थित प्रकाश तरण पुष्कर में प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें देश के 26 राज्यों के 400 से अधिक पैरा तैराक हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 100 महिला खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
पैरा खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर जताया गर्व
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेल सहित सभी क्षेत्रों में लगातार प्रगति कर रहा है। पैरा ओलिंपिक में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन इसका उदाहरण है। वर्ष 2016 के रियो पैरा ओलिंपिक में भारत ने 4 पदक जीते थे। टोक्यो पैरा ओलिंपिक में यह संख्या बढ़कर 20 हो गई, जबकि 2024 के पैरा ओलिंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने 29 पदक हासिल किए।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के पैरा एशियाई खेलों में भारत ने 114 पदक जीतकर नया कीर्तिमान बनाया है। इनमें पैरा तैराकों के 11 पदक भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सत्येंद्र सिंह लोहिया की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने प्रदर्शन से मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है।
प्रदेश में 11 खेल अकादमियां संचालित
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में विभिन्न खेलों की 11 अकादमियां संचालित हैं। इस वर्ष प्रदेश के 32 खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया और 12 पदक जीते। इनमें दो रजत पदक शामिल हैं। राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बेहतर खेल स्टेडियम तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भोपाल तेजी से वाटर स्पोर्ट्स का केंद्र बन रहा है। कयाकिंग, कैनोइंग और रोइंग के बाद बड़ी झील में सेलिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। वहीं, बरखेड़ा नाथू में बन रहा स्पोर्ट्स स्टेडियम और यहां होने वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन प्रदेश को नई पहचान दिलाएंगे।
ये भी पढ़ें: भारतीय बल्लेबाजों का बेहद निराशाजनक प्रदर्शन, न्यूजीलैंड ने 244 रन से हराया
हर विधानसभा में पैरा खिलाड़ियों के लिए भी सुविधाएं
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है। इसका असर राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश की रैंकिंग पर भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश अब 17वें-18वें स्थान से आगे बढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
उन्होंने बताया कि 19 नवंबर से मध्यप्रदेश में पहली बार एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। इसमें एशिया के छह देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बनने वाले स्पोर्ट्स स्टेडियम में पैरा खिलाड़ियों के लिए भी विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

