भोपाल: मध्यप्रदेश में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश में 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक नागरिकों को स्वगणना (सेल्फ एन्युमरेशन) का मौका मिलेगा। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना करेंगे। इस दौरान नागरिकों को अपनी सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक जानकारी से जुड़े 40 सवालों के जवाब देने होंगे।
स्वगणना के दौरान लोग ऑनलाइन माध्यम से खुद अपनी और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक संबंधित घरों में पहुंचकर दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे। यह व्यवस्था अप्रैल 2026 में मकान सूचीकरण और आवास गणना के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया की तरह होगी।
जनगणना निदेशालय के निर्देश पर प्रदेश के गृह विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। सभी जिलों के जनगणना अधिकारियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जनगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण का काम किया जाएगा।
40 सवालों के जरिए जुटाई जाएगी जानकारी
जनगणना के दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से जुड़ी सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और जनसांख्यिकीय जानकारी जुटाई जाएगी। इसके लिए जनगणना आयुक्त ने कुल 40 सवाल निर्धारित किए हैं। इनमें नाम, उम्र, धर्म, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार और दिव्यांगता से संबंधित जानकारी मांगी जाएगी। इसके अलावा जाति से जुड़े सवाल भी शामिल होंगे। स्वतंत्र भारत में पहली बार एससी-एसटी के साथ अन्य जातियों की गणना भी की जाएगी।
10 से 24 जनवरी तक मिलेगा स्वगणना का मौका
स्वगणना के लिए नागरिकों को 15 दिन का समय दिया जाएगा। इस दौरान लोग स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना करने वाले परिवारों के यहां भी प्रगणक पहुंचेंगे और दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे। इसके लिए जिलों में जनगणना अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं।
अप्रैल 2026 में पूरा हुआ था पहला चरण
जनगणना-2027 के पहले चरण में अप्रैल 2026 के दौरान मकान सूचीकरण और आवास गणना कराई गई थी। इसमें मकानों और उनमें उपलब्ध सुविधाओं से जुड़े 33 सवाल पूछे गए थे। इनमें मकान की स्थिति, निर्माण सामग्री, पेयजल, बिजली, शौचालय, वाहन और इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं की जानकारी शामिल थी।
केंद्र सरकार ने 30 अक्टूबर 2026 को जनगणना कार्यक्रम की अधिसूचना जारी की थी। इसके तहत 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे की स्थिति के अनुसार जनसंख्या के आंकड़े निर्धारित किए जाएंगे। पूरी प्रक्रिया जनगणना अधिनियम 1948 और जनगणना नियमावली 1990 के प्रावधानों के तहत संचालित होगी।

