लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री को पहले से कैसे पता चल गया कि प्रदेश में 1 करोड़ 27 लाख वोट कट गए हैं।
आंकड़ों की जानकारी पहले मिलने को लेकर सवाल उठाए
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा मतदाता सूची से हटाए गए नामों को लेकर अपनी राजनीतिक रणनीति तैयार कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि अगर वास्तव में 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, तो भाजपा की बैठक इसी मुद्दे पर क्यों हो रही है। अखिलेश ने मुख्यमंत्री से आंकड़ों की जानकारी पहले मिलने को लेकर भी सवाल किए। वहीं, SIR को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का स्वागत
इससे पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का स्वागत किया था। उन्होंने कहा था कि सामाजिक बदलाव जरूरी है, लेकिन इसकी वास्तविक सफलता के लिए राजनीतिक परिवर्तन की दिशा में भी प्रयास होने चाहिए।
अखिलेश ने दावा किया कि नए राजनीतिक विकल्प के सामने आने से भाजपा को दो से तीन प्रतिशत वोटों का नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के हितों के लिए साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ आवाज उठाने वाले दलों को समाजवादी पार्टी का सहयोग मिलेगा।
उनके मुताबिक, ऐसे दलों की बात जनता तक पहुंचाने में सपा मदद करेगी, ताकि भावनात्मक नारों और बहकावे में आकर साम्प्रदायिक शक्तियों को वोट देने वालों के सामने भी दूसरा विकल्प मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश की चार हस्तियों को मिला अर्जुन और द्रोणाचार्य सम्मान, योगी ने दी बधाई
पीडीए से बड़ा कोई दूसरा विकल्प नहीं है
सपा अध्यक्ष ने कहा कि केवल बयान देकर राजनीतिक माहौल बनाने वालों की मंशा जनता समझती है। उनके अनुसार, ऐसे मोर्चे लोकतंत्र को मजबूती दे सकते हैं, लेकिन इसके पीछे समाज के हित में काम करने की ईमानदार सोच होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई राजनीतिक दल किसी दूसरे की सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है, तो चुनाव में जनता उसे इसका जवाब दे सकती है। अखिलेश ने उम्मीद जताई कि राजनीति में वोटों की ठेकेदारी की व्यवस्था खत्म होगी और सभी दल अपने-अपने समाज के हित में काम करेंगे।
आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि परिवर्तन की इच्छा रखने वाले मतदाता उसी दल की ओर जाएंगे, जिसका आधारभूत वोट ज्यादा होगा। अखिलेश के मुताबिक, पीडीए से बड़ा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

