नई दिल्ली: शादी के सीजन में सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सोने की कीमत 7 महीने बाद 1 लाख 36 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम से नीचे आ गई है।
इससे पहले 23 मार्च 2026 को सोना 1 लाख 35 हजार 141 रुपए के स्तर पर आया था। बीते तीन दिनों में सोने की कीमत में 6 हजार 536 रुपए की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, चांदी भी 3 हजार 500 रुपए सस्ती होकर 1 लाख 77 हजार रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है।
10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,35,884 रुपए आ गया
इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना आज 1,808 रुपए गिरकर 1,35,884 रुपए आ गया है, जो एक दिन पहले 1.38 लाख रुपए पर था। इससे पहले 8 जनवरी 2026 को सोना 1,35,773 रुपए पर था।
एक किलो चांदी 3,540 रुपए घटकर 1.77 लाख रुपए पर आ गई
एक किलो चांदी 3,540 रुपए घटकर 1.77 लाख रुपए पर आ गई है, जो गुरुवार को 1.81 लाख रुपए पर थी। सोना लगातार तीन दिन में 6,536 रुपए और चांदी 8,500 रुपए सस्ती हुई है।
10 नवंबर को सोना 1.42 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.86 लाख रुपए किलो थी। सोना-चांदी की कीमत में गिरावट अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर मजबूत होने और बड़े निवेशकों के ऊंचे दामों पर बिकवाली करने से हो रही है।
ये भी पढ़ें: वोटर लिस्ट विवाद पर अखिलेश यादव का CM योगी से सवाल, बोले- आंकड़ों की जानकारी कैसे मिली?
सोना सस्ता होने की 3 वजहें
- ऊंचे भाव पर बिक्री: त्योहारों से पहले सोना काफी महंगा हो गया था, इसलिए बड़े निवेशकों ने मुनाफा कमाने के लिए अपना सोना बेचना शुरू कर दिया।
- मजबूत डॉलर का असर: अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड मजबूत हुए, जिससे ग्लोबल मार्केट में सोने की कीमतें नीचे आ गईं।
- खरीदारों का हाथ खींचना: रिकॉर्ड महंगे दाम देखकर आम खरीदारों ने दुकानों से फिलहाल सोने की खरीदारी कम की है।
चांदी सस्ती होने की 3 वजहें
- फैक्टरियों से कम मांग: चांदी का बड़ा इस्तेमाल सोलर और इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्टरियों में होता है। वैश्विक मंदी के कारण उद्योगों में इसकी मांग घटी है।
- बाजार में बिकवाली का दबाव: शेयर और वायदा बाजार के उतार-चढ़ाव में बड़े ट्रेडर्स ने अचानक अपनी चांदी बेच दी, जिससे भाव तेजी से गिरे।
- सोने की देखा-देखी: सर्राफा बाजार में सोना और चांदी एक-दूसरे के पीछे चलते हैं। सोने के भाव गिरते ही चांदी में भी बिकवाली शुरू हो गई।

