भोपाल: मध्यप्रदेश को महंगाई के दौर में एक और झटका लगा है। सांची का पैक्ड दूध 4 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो गया है। नई दरें 14 नवंबर यानी शनिवार से लागू होंगी। भोपाल के अलावा इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और बुंदेलखंड के दुग्ध संघों ने भी कीमतें बढ़ाई हैं।
पैकिंग मटेरियल और ट्रांसपोर्ट महंगा
पैकिंग मटेरियल और ट्रांसपोर्ट महंगा होने को इसकी वजह बताया गया है। वित्तीय स्थिति संतुलित बनाए रखने के लिए पैक्ड दूध के उपभोक्ता मूल्य में बढ़ोतरी जरूरी हो गई थी। इससे पहले अमूल ने 12 नवंबर से दूध के दाम 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाए थे।
सांची के दूध की प्रदेश में सबसे ज्यादा खपत
मध्यप्रदेश में पैक्ड दूध के मामले में सांची की सबसे ज्यादा खपत है। भोपाल में खुले दूध की रोजाना खपत 6 से 8 लाख लीटर है। पैकेट वाले दूध में सांची की औसतन 3 लाख लीटर रोजाना बिक्री होती है। वहीं, अमूल की खपत करीब 80 हजार लीटर है।
इसके अलावा सौरभ, श्रीधी और मदर डेयरी के दूध की भी बिक्री होती है। सौरभ और श्रीधी की संयुक्त खपत करीब 1 लाख लीटर रोजाना है। इनकी सप्लाई भोपाल शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी होती है। मदर डेयरी की सप्लाई मुख्य रूप से शहर में है।
ये भी पढ़ें: 7 महीने बाद ₹1.36 लाख से नीचे आया सोना, 3 दिन में ₹6,536 की गिरावट; चांदी भी सस्ती हुई
अमूल ने दो दिन पहले बढ़ाए थे दाम
अमूल ने 12 नवंबर से दूध की कीमतें 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाई हैं। इसके बाद अमूल गोल्ड का एक लीटर पैकेट 70 रुपए से बढ़कर 74 रुपए और अमूल फ्रेश 57 रुपए से बढ़कर 59 रुपए का हो गया है।
अमूल की बढ़ोतरी के अगले दिन यानी 13 नवंबर को सांची ने भी कीमतें बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया। इसकी नई दरें 14 नवंबर से लागू होंगी।

