भोपाल/शिवपुरी: भाईदूज के बाद मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी सौगात दी। शुक्रवार को शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त के रूप में 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। इसके साथ ही स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ रुपये का ऋण भी वितरित किया। मुख्यमंत्री ने 221 करोड़ रुपये की लागत के 121 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें अधिकार दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक लाड़ली बहना योजना के तहत करीब 60 हजार करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में पहुंचाए जा चुके हैं। कई महिलाएं इस राशि से सिलाई केंद्र सहित छोटे व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि माताएं-बहनें परिवार की धुरी हैं और उनके सशक्त होने से समाज भी मजबूत होता है।
शिवपुरी में 6 हजार करोड़ का डिफेंस कॉरिडोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवपुरी को 6 हजार करोड़ रुपये के डिफेंस इंडस्ट्री कॉरिडोर की सौगात मिली है। प्रदेश में रोजगार आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाली महिलाओं को वेतन के अतिरिक्त 5 हजार रुपये देने की व्यवस्था भी की गई है। निवेशकों को बिजली, पानी और जमीन आवंटन में प्रोत्साहन दिया जा रहा है। प्रदेश में अब तक 12.50 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। ग्वालियर में देश का पहला आधुनिक टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन विकसित करने की भी तैयारी है।
सिंचाई और दूध उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 60 लाख हेक्टेयर हो गया है। मध्यप्रदेश दूध उत्पादन में फिलहाल देश में तीसरे स्थान पर है। अगले दो साल में प्रदेश को पहले स्थान पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ धार्मिक पर्यटन और प्राचीन विरासत के संरक्षण पर भी काम किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: यूपी में 90 लाख वोटर जोड़ने का लक्ष्य, 17 नवंबर से भाजपा का अभियान; अखिलेश ने उठाए सवाल
पिछोर के लिए कई घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने पिछोर में सांदीपनि विद्यालय खोलने और खनियाधाना के रेडी चौराहे पर पुलिस चौकी स्थापित करने की घोषणा की। खनियाधाना में सर्वसुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। पिछोर किले के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये और मोतीसागर तालाब के सुंदरीकरण के लिए राशि देने की घोषणा की गई।
इसके अलावा बामोर कलां में महाविद्यालय खोलने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में पिछोर को जिला बनाए जाने के लिए अनुशंसा करने की बात भी कही।

