भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस में अगली पीढ़ी की राजनीतिक सक्रियता बढ़ती दिखाई दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ 14 नवंबर को भोपाल में प्रदेशभर के कांग्रेस नेताओं और समर्थकों को जुटाकर अपनी ताकत दिखाएंगे। खास बात यह है कि पहली बार कमलनाथ की गैरमौजूदगी में इस आयोजन की कमान नकुलनाथ संभालेंगे। हालांकि, कार्यक्रम से पहले लगाए गए पोस्टरों ने पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।
पीसीसी कार्यालय के आसपास लगाए गए पोस्टरों में नकुलनाथ को प्रमुखता दी गई है। इन पर लिखा है- ‘मध्य प्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है।’ लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई बड़े नेताओं की तस्वीरें गायब हैं। इसे पार्टी के भीतर अलग-अलग गुटों के बीच खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है।
कमलनाथ के बंगले पर होगा दीपावली मिलन
14 नवंबर को बाल दिवस और पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर श्यामला हिल्स स्थित कमलनाथ के बंगले पर दीपावली मिलन समारोह होगा। इसमें प्रदेशभर के कांग्रेस विधायकों, पदाधिकारियों और समर्थकों को आमंत्रित किया गया है। इसी दौरान 18 नवंबर को कमलनाथ का जन्मदिन भी मनाया जाएगा। कमलनाथ पहले से तय व्यस्तताओं के चलते कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। ऐसे में नेताओं और समर्थकों को जुटाने की जिम्मेदारी नकुलनाथ पर होगी।
भाजपा छोड़कर आए नेता ने थामा कांग्रेस का हाथ
आयोजन से पहले छिंदवाड़ा जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना ने भाजपा छोड़कर नकुलनाथ के सामने कांग्रेस में वापसी की है। इसे नकुलनाथ की अपने गृह क्षेत्र में राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की कोशिश माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: लाड़ली बहनों के खातों में पहुंचे 1831 करोड़, पिछोर को जिला बनाने की अनुशंसा
जयवर्धन के बाद नकुलनाथ की बारी
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह भी पिता की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में सक्रिय नजर आ रहे हैं। वहीं नकुलनाथ प्रदेश की राजनीति में अपनी पहचान मजबूत करने की कोशिश में हैं। कमलनाथ ने संदेश जारी कर आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अब नजरें इस बात पर हैं कि नकुलनाथ छिंदवाड़ा से बाहर प्रदेशभर में कितनी राजनीतिक स्वीकार्यता हासिल कर पाते हैं।

