Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsपाकिस्तानी हनीट्रैप में फंसा वायुसेना का विंग कमांडर, न्यूड फोटो के बदले...

पाकिस्तानी हनीट्रैप में फंसा वायुसेना का विंग कमांडर, न्यूड फोटो के बदले भेजे युद्ध के राज

नई दिल्ली। पाकिस्तानी हनीट्रैप में फंसकर भारतीय वायुसेना का एक विंग कमांडर देश की सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज और सैन्य सूचनाएं दुश्मन देश तक पहुंचाता रहा। हैरान करने वाली बात यह है कि वह पाकिस्तानी महिला जासूस से न्यूड तस्वीरें हासिल करने के बदले भारत की युद्ध संबंधी रणनीति के दस्तावेजों के पन्ने भेजने का वादा करता था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की ओर से अदालत में दाखिल चार्जशीट में इस पूरे जासूसी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

आरोपी विंग कमांडर मनोरथ सिंह सभरवाल पर आरोप है कि उसने लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती, राजस्थान में सैन्य अभ्यास और ड्रोन यूनिट की क्षमताओं से जुड़ी गोपनीय जानकारियां पाकिस्तानी एजेंट के साथ साझा कीं। उसने युद्ध के दौरान सेना की संभावित तैनाती से संबंधित दस्तावेजों के पन्ने भी भेजे। चार्जशीट के मुताबिक, अधिकारी ने महिला एजेंट से कहा था कि हर न्यूड तस्वीर के बदले वह युद्ध योजना का एक नया पन्ना उपलब्ध कराएगा।

12 जनवरी से 1 अप्रैल तक संपर्क में रहा अधिकारी

जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी 12 जनवरी से 1 अप्रैल 2026 के बीच पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में था। सोशल मीडिया के जरिए महिला ने उसे हनीट्रैप में फंसाया और धीरे-धीरे उससे संवेदनशील सैन्य जानकारियां हासिल करनी शुरू कर दीं। महिला गुजरात की सिम से वॉट्सएप संचालित कर रही थी।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने पटियाला हाउस कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में दोनों के बीच हुई बातचीत का ब्योरा दिया है। पुलिस को चैट की जांच में 3,008 मैसेज, 65 फोटो, 65 रिएक्शन, 42 वॉयस कॉल, चार वीडियो कॉल और छह लिंक मिले हैं। पटियाला हाउस कोर्ट ने आरोपी को 5 दिसंबर को पेश करने का आदेश दिया है।

प्रतिबंधित आईफोन ने खोली जासूसी की पोल

विंग कमांडर की गतिविधियां तब उजागर हुईं, जब उसे रेस कोर्स स्थित अपने कार्यालय में प्रतिबंधित आईफोन ले जाते हुए सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ लिया। वह एक संवेदनशील गोपनीय इकाई का प्रमुख था, इसलिए कार्यालय में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं थी।

फोन की जांच के दौरान पाकिस्तानी एजेंट के साथ हुई वॉट्सएप बातचीत और गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान का पता चला। इसके बाद खुफिया एजेंसी ने दिल्ली पुलिस को मामले की जानकारी दी। मई 2026 में मामला सामने आने के बाद वायुसेना अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने 30 मई को उसे गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उसे न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया।

ड्रोन यूनिट की क्षमता और तकनीक भी उजागर की

चार्जशीट के अनुसार, अधिकारी ने भारतीय वायुसेना की ड्रोन यूनिट से जुड़ी कई संवेदनशील जानकारियां साझा कीं। इनमें यूनिट में तैनात कर्मचारियों की संख्या, उसकी कार्यप्रणाली, तकनीकी क्षमता और ड्रोन के परीक्षण से संबंधित विवरण शामिल थे। उसने ड्रोन कितनी देर तक उड़ान भर सकते हैं और लक्ष्य कैसे निर्धारित करते हैं, इसकी जानकारी भी एजेंट तक पहुंचाई।

पांच अधीनस्थों के मोबाइल में डलवाया जासूसी सॉफ्टवेयर

इस मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि आरोपी ने कथित तौर पर पाकिस्तानी एजेंट के कहने पर अपने अधीन काम करने वाले पांच कर्मचारियों के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में जासूसी सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करवाया था। इसके जरिए उन उपकरणों में मौजूद निजी और सैन्य जानकारियों तक पहुंच बनाने की कोशिश की जा सकती थी।

जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस तरीके से केवल एक अधिकारी ही नहीं, बल्कि उसकी पूरी यूनिट की सूचनाओं तक पहुंच बनाने की साजिश रची गई थी। फिलहाल मामला अदालत में विचाराधीन है और आरोपों पर अंतिम फैसला होना बाकी है।

 

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन