मुंबई: फिल्म ‘जोश’ में शाहरुख खान के साथ नजर आ चुके एक्टर शरद कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक्टर बेहद खराब हालत वाले कमरे में चार कुत्तों के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। इसे लेकर उन पर पशु क्रूरता के आरोप लगाए गए।
मामले की जानकारी मिलने के बाद एनिमल वेलफेयर से जुड़े लोग उनके घर पहुंचे और चारों कुत्तों को रेस्क्यू किया। हालांकि, अब सामने आई जानकारी के मुताबिक, यह पशु क्रूरता का मामला नहीं है। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते शरद कपूर अपने चारों कुत्तों की ठीक से देखभाल नहीं कर पा रहे थे। इस मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है।
शरद कपूर के कई वीडियो पोस्ट किए
बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी ने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से शरद कपूर के कई वीडियो पोस्ट किए। उनके मुताबिक, उनसे कुछ समय पहले 4 कुत्तों को रेस्क्यू करने के लिए एंबुलेंस मांगी गई थी। तब कहा गया था कि ये एनिमल क्रूएलिटी का मामला है, जिसके बाद रेस्क्यू किया जा रहा है। हालांकि जब हेमा पहुंचीं, तो सामने आया कि शरद कपूर ने क्रूएलिटी नहीं की है, बल्कि वो खुद स्वास्थ्य संबंधित समस्या से जूझ रहे हैं।
संजय दत्त भेज रहे थे खाना
हेमा ने दावा किया है कि जिस फाउंडेशन ने उनसे एंबुलेंस मांगी, वह असल में एक्टर की मदद नहीं कर रहे थे। उन्होंने दावा किया था कि संजय दत्त के घर से एक्टर और उनके कुत्तों के लिए दाल-चावल भेजा जा रहा है, लेकिन हेमा चौधरी के अनुसार, न किसी तरह का खाना दिया जा रहा है न ही सफाई की जा रही है।
ये भी पढ़े़ं: खरगोन में भूकंप के झटके, 4.5 रही तीव्रता; दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
वीडियो में उनकी हालत देखकर कई लोग हैरान रह गए
शरद कपूर के वायरल वीडियो में उनकी हालत देखकर कई लोग हैरान रह गए। खबर मिलने के बाद एक्ट्रेस जया भट्टाचार्या शरद से मिलने उनके घर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने शरद का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह इंडस्ट्री के लोगों से मदद की अपील कर रहे हैं।

