ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पहाड़ी रास्ते पर 27 स्कूली बच्चों से भरी एक बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से छात्रों को लेकर ऋषिकेश आई यह बस ढलान पर अनियंत्रित हो गई। बस पहले सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवार से टकराई और फिर आधी हवा में लटक गई। गनीमत यह रही कि बस दीवार पर ही अटक गई और नीचे खाई में नहीं गिरी। बस में 27 बच्चों समेत कुल 30 लोग सवार थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित
फिलहाल सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना ने पहाड़ी रास्तों पर वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्कूली बच्चे टीचर्स के साथ चिल्ड्रेंस डे (14 नवंबर) पर पिकनिक मनाने लक्ष्मण झूला जा रहे थे। हादसे में ड्राइवर, हेल्पर और स्कूल की प्रिंसिपल घायल हुए हैं। गनीमत रही कि बच्चे बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला। डरे-सहमे बच्चों को शांत कराया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे का वीडियो भी सामने आया
हादसे का वीडियो भी सामने आया है। इसमें बस का अगला हिस्सा हवा में लटका दिखाई दे रहा है। लोग खिड़कियों से बच्चों को बाहर निकाल रहे हैं। हादसा सुबह करीब 9:40 बजे पीडब्ल्यूडी तिराहे पर हुआ, जो लक्ष्मण झूला से 6 किलोमीटर दूर है।
पहले भी ओवरलोडिंग के लिए चालान किया था
पुलिस के मुताबिक, बस में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने की लापरवाही पहले भी सामने आ चुकी है। पहले एआरटीओ (ARTO) रश्मि पंत ने चेकिंग के दौरान कार्रवाई करते हुए इस बस से 21 अतिरिक्त सवारियों को उतरवाया था। ओवरलोडिंग के लिए चालान किया था।
ये भी पढ़ें: गोधरा अग्निकांड पर फिर उठे सवाल: राकेश अस्थाना बोले- हादसा नहीं, साजिश थी; बनर्जी कमेटी की भूमिका पर भी उठाए सवाल
खतरनाक ढलान बनी हादसों का सबब
मुनिकीरेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर सड़क की ढलान को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। इस जगह पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसे लेकर पुलिस संबंधित विभाग को लेटर भेजकर सड़क दुरुस्त कराने की मांग कर चुकी है

