भोपाल: उज्जैन के एक होटल में चार दलित युवकों की मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने अपनी ही सरकार और पुलिस प्रशासन को घेरा है। आलोट विधायक और उज्जैन के पूर्व सांसद मालवीय ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर होटल मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होने पर सवाल उठाए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को कथित तौर पर 30-30 लाख रुपये दिए जाने की चर्चा को ‘ब्लडमनी’ से जोड़ते हुए पूछा कि क्या उज्जैन में अब आपराधिक मामलों का फैसला कानून के बजाय पैसों से होगा?
मालवीय ने अपने पोस्टर में उज्जैन पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक को सीधे निशाने पर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाकाल मंदिर में व्यवस्था भंग करने के मामूली आरोप में चार श्रद्धालुओं के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गई, लेकिन श्रीगंगा होटल में चार दलित युवकों की मौत के मामले में होटल मालिक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ब्लडमनी को लेकर पुलिस से सवाल
विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवारों को 30-30 लाख रुपये की ब्लडमनी दिए जाने की चर्चा सामने आ रही है। उन्होंने सवाल किया कि भारतीय न्याय संहिता में ब्लडमनी का कोई प्रावधान नहीं है, तो फिर किस आधार पर इस तरह का समझौता किया जा रहा है? क्या अब आपराधिक मामलों का निपटारा अदालत के बजाय आरोपियों के पैसे से होगा? उन्होंने इसे शरिया कानून और कबीलाई व्यवस्था से जोड़ते हुए पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े किए।
मालवीय ने उज्जैन एसपी से पूछा कि इतने गंभीर मामले की जानकारी होने के बावजूद होटल मालिक के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि चार युवकों की मौत के तीसरे ही दिन होटल दोबारा कैसे खुल गया? उनके मुताबिक, इस मामले में न्याय, नैतिकता और संवेदनशीलता को नजरअंदाज किया गया है।
दूसरे हादसों का भी दिया उदाहरण
अपने आरोपों के समर्थन में मालवीय ने दिल्ली के उपहार सिनेमा अग्निकांड, करोल बाग के होटल अर्पित अग्निकांड, दिल्ली के बेबी केयर सेंटर हादसे, गोवा के अर्पोरा क्लब हादसे और हरियाणा के बहादुरगढ़ गैस फैक्ट्री हादसे का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं में संबंधित संचालकों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि उज्जैन के मामले में पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में है।
महाकाल मंदिर की व्यवस्था पर भी नाराजगी
विधायक ने महाकाल मंदिर की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर में तैनात बाउंसर श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करते हैं। काल भैरव मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं से धार्मिक नगरी उज्जैन की देशभर में बनी छवि प्रभावित हो रही है।
ये भी पढ़ें: ट्रम्प, पुतिन और जिनपिंग की 19 नवंबर को ऐतिहासिक बैठक: 80 साल बाद तीन महाशक्तियों के नेता होंगे आमने-सामने
सरकार पर पहले भी उठा चुके हैं सवाल
डॉ. मालवीय पहले भी अपनी ही सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते रहे हैं। इस बार सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर पुलिस और मंदिर प्रशासन को निशाने पर लेने से भाजपा के भीतर हलचल बढ़ गई है। हालांकि, परिवारों को कथित भुगतान और पुलिस पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

