मुंबई: रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। रिलीज के महज 9 दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 1110 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इसके साथ ही इसने शाहरुख खान की ‘पठान’ को पीछे छोड़ दिया है। ‘पठान’ का लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1055 करोड़ रुपये रहा था। अब ‘रामायण’ की नजर ‘धुरंधर 2’ और ‘जवान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के रिकॉर्ड पर है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म महज 8 दिनों में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल हो गई है। इतनी तेजी से यह उपलब्धि हासिल करने वाली यह तीसरी भारतीय फिल्म है। इससे पहले रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ और अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ ने 7 दिनों में यह आंकड़ा पार किया था।
भारत से 732 करोड़, विदेशों से 378 करोड़
फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 612 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है, जबकि ग्रॉस कमाई 732 करोड़ रुपये रही। विदेशी बाजारों से फिल्म ने 378 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इस तरह भारत और विदेशों की कमाई मिलाकर इसका कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1110 करोड़ रुपये पहुंच गया है। कुल कमाई में करीब 65 प्रतिशत हिस्सेदारी भारतीय बाजार और 35 प्रतिशत विदेशी बाजारों की है।
हिंदी सिनेमा की पांचवीं सबसे बड़ी फिल्म
‘रामायण: पार्ट 1’ हिंदी सिनेमा के इतिहास में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। इस सूची में आमिर खान की ‘दंगल’ 2054 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ पहले नंबर पर है। फिल्म ने 2026 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का स्थान भी हासिल कर लिया है।
भारतीय फिल्मों में 11वें स्थान पर
वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में ‘रामायण: पार्ट 1’ भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में 11वें स्थान पर पहुंच गई है। फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए इसके जल्द ही टॉप-10 में जगह बनाने की उम्मीद है। इसकी कमाई अब ‘धुरंधर 2’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों के आंकड़ों की ओर बढ़ रही है।
ये भी पढ़ें: चार दलितों की मौत पर भाजपा विधायक ने सरकार और पुलिस को घेरा
रणबीर की पहली 1000 करोड़ी फिल्म
‘रामायण’ रणबीर कपूर के करियर की पहली फिल्म बन गई है, जिसने दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। इससे पहले उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘एनिमल’ थी। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 917 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
इस उपलब्धि के साथ ‘रामायण’ 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई करने वाली 10वीं भारतीय फिल्म भी बन गई है। इस क्लब में ‘दंगल’, ‘बाहुबली 2’, ‘पुष्पा 2’, ‘धुरंधर 2’ और ‘जवान’ जैसी फिल्में शामिल हैं।

