जम्मू: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में शनिवार को महज चार घंटे 38 मिनट के भीतर भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए। तीनों भूकंपों की तीव्रता 2.7 से 3.8 के बीच रही। खास बात यह है कि तीनों के केंद्र सीमित भौगोलिक क्षेत्र में लगभग पूर्व-पश्चिम दिशा में एक सीधी रेखा में दर्ज किए गए। इनके केंद्रों के बीच का कुल क्षेत्र करीब 11.5 किलोमीटर तक फैला हुआ है।
भूकंप के केंद्र जमीन से पांच से दस किलोमीटर की गहराई में दर्ज किए गए। इनमें सबसे तेज झटका 3.8 तीव्रता का था, जिसका केंद्र जमीन से महज पांच किलोमीटर नीचे था। अन्य दो भूकंपों की तीव्रता क्रमशः 2.7 और 2.9 रही।
एक सीध में रहे तीनों केंद्र
तीनों भूकंपों के केंद्रों का लगभग एक सीधी रेखा में होना भूगर्भीय दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डोडा-किश्तवाड़ क्षेत्र पहले से ही भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है। यहां की भूगर्भीय संरचना जटिल मानी जाती है। ऐसे में कम समय के भीतर एक ही सीमित क्षेत्र में लगातार तीन झटके दर्ज होना इस इलाके की भूगर्भीय गतिविधियों को फिर चर्चा में ले आया है।
ये भी पढे़ं: ट्रम्प, पुतिन और जिनपिंग की 19 नवंबर को ऐतिहासिक बैठक: 80 साल बाद तीन महाशक्तियों के नेता होंगे आमने-सामने
पहले भी आ चुके हैं तेज भूकंप
डोडा और आसपास का क्षेत्र पहले भी मध्यम तीव्रता के भूकंपों का सामना कर चुका है। वर्ष 2013 में किश्तवाड़ में 5.7 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद वर्ष 2023 में डोडा में 5.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इन घटनाओं के कारण यह क्षेत्र लंबे समय से भूकंपीय संवेदनशीलता के लिहाज से महत्वपूर्ण बना हुआ है।

