Saturday, November 14, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsपीएम आवास के मकान में मिली 80 वर्षीय बुजुर्ग की अधजली लाश,...

पीएम आवास के मकान में मिली 80 वर्षीय बुजुर्ग की अधजली लाश, रात में घटना होने की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

बालाघाट: जिले लांजी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रमपुर के ग्राम सोगलपुर में शनिवार 14 नवंबर की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग का अधजला शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर लांजी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

मृतक की पहचान डूडेश्वर के रुप में हुई

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान डूडेश्वर पिता टीकाराम खोबरागड़े, उम्र लगभग 80 वर्ष, निवासी ग्राम सोगलपुर के रूप में हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए लांजी एसडीओपी दीपक तोमर के निर्देश पर थाना प्रभारी घनश्याम बैरागी द्वारा पुलिस टीम गठित कर घटनास्थल पर भेजी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लांजी भिजवाया।

मृतक की पुत्री अनुसूया वाघमारे ने दी जानकारी

मृतक की पुत्री अनुसूया वाघमारे ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने पिता के मकान के बाजू में ही रहती हैं। उनके पिता प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2016 में स्वीकृत होकर बने मकान में अकेले रहते थे। बेटी के अनुसार वह प्रतिदिन अपने पिता को भोजन और अन्य जरूरी चीजें उपलब्ध कराती थीं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता को बेटों की ओर से कोई विशेष सहयोग नहीं मिलता था।

अनुसूया वाघमारे के मुताबिक, 14 नवंबर की सुबह जब वह अपने पिता को चाय-नाश्ता देने के लिए उनके घर पहुंचीं तो वे बिस्तर पर नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने दूसरे कमरे में जाकर देखा तो पिता एक कोने में टिके हुए थे और उनका शरीर पूरी तरह जला हुआ था। यह दृश्य देखकर वह घबरा गईं और तत्काल अपने भाई को इसकी जानकारी देने पहुंचीं। बेटी के अनुसार, उनका भाई सुबह वाहन लेकर घर से चला गया।

ये भी पढ़ें: मालवा-निमाड़ में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की रणनीति, जीतू पटवारी ने की समीक्षा बैठक

पुलिस ने जांच में लिया मामला

मृतक की पुत्री ने आशंका जताई कि घटना रात के समय की हो सकती है, हालांकि घटना किन परिस्थितियों में हुई और बुजुर्ग की मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। बताया गया है कि मृतक के परिवार में दो बेटे एवं एक बेटी हैं। फिलहाल बुजुर्ग की अधजली लाश मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह जांच का विषय है।

पुलिस द्वारा घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही बुजुर्ग की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन