वाशिंगटन। अमेरिका में हवाई यातायात का संकट दूसरे दिन भी बरकरार है। शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के संचार सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण देशभर में उड़ानें ठप होने के बाद शनिवार को भी विमानन सेवाएं सामान्य नहीं हो सकीं। रविवार के लिए निर्धारित 530 से अधिक उड़ानें भी रद्द कर दी गईं, जबकि हजारों अन्य उड़ानों में घंटों की देरी हुई। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने रविवार देर रात तक ही परिचालन काफी हद तक सामान्य होने की उम्मीद जताई है।
एफएए प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने शनिवार को प्रभावित यात्रियों से माफी मांगते हुए कहा कि एजेंसी तकनीकी खामियों को दूर करने और हवाई यातायात व्यवस्था को स्थिर करने में जुटी है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि रविवार देर रात से पहले उड़ानों का पूरी तरह सामान्य होना मुश्किल है।
दो दिनों में 20 हजार से अधिक उड़ानें प्रभावित
विमानन ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, शनिवार शाम तक अमेरिका में 6,150 से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी थीं और 7,300 से ज्यादा उड़ानों में देरी दर्ज की गई। इससे पहले शुक्रवार को करीब 9,200 उड़ानें रद्द हुई थीं और 7,500 से अधिक उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ था। इस तरह दो दिनों में 20 हजार से अधिक उड़ानें रद्द या विलंबित हुईं। हवाई अड्डों पर हजारों यात्री फंसे रहे। विमानन कंपनियों के सामने विमानों, पायलटों और क्रू सदस्यों को दोबारा निर्धारित स्थानों पर पहुंचाने की चुनौती भी खड़ी हो गई है।
एक राउटर से गड़बड़ी की आशंका
अमेरिका में इस बड़े विमानन संकट के पीछे एफएए के ठेकेदार एल3हैरिस द्वारा लगाए गए एक नए राउटर की तकनीकी खराबी को संभावित कारण माना जा रहा है। परिवहन सचिव सीन डफी के मुताबिक, कंपनी पुराने तांबे के तारों को फाइबर ऑप्टिक केबल में बदलने का नियमित रखरखाव कार्य कर रही थी। इसी दौरान अरकंसास और टेक्सास के दूरस्थ केंद्रों में लगाए गए राउटर में गड़बड़ी की आशंका सामने आई है।
डफी ने बताया कि एक राउटर हर चार से पांच सेकंड में एक हजार से अधिक बार कनेक्शन स्थापित करने की कोशिश कर रहा था। इससे विमानन संचार और रडार से मिलने वाली सूचनाओं पर असर पड़ा। हालांकि, यह अभी जांच का विषय है कि खराबी राउटर में थी या उसे स्थापित करने के दौरान कोई तकनीकी चूक हुई।
पुरानी व्यवस्था बदलने की चुनौती
इस घटना ने अमेरिका की पुरानी हवाई यातायात संचार प्रणाली की कमजोरियों को उजागर कर दिया है। एफएए इस व्यवस्था के रखरखाव पर सालाना करीब एक अरब डॉलर खर्च करता है। इसे आधुनिक फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क में बदलने का 70 फीसदी से अधिक काम पूरा होने की जानकारी दी गई है।
इस बीच विमानन कंपनियां सेवाएं बहाल करने में जुटी हैं। अमेरिकन एयरलाइंस ने अतिरिक्त उड़ानें शुरू कर 1,750 सीटें बढ़ाई हैं। एफएए को उम्मीद है कि रविवार कारोबारी दिन समाप्त होने तक उड़ानों का संचालन सामान्य समय-सारणी के करीब पहुंच सकता है।

