Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsपानी की बोतलों में छिपाकर ले जा रहा था 2.25 करोड़ की...

पानी की बोतलों में छिपाकर ले जा रहा था 2.25 करोड़ की एमडी ड्रग्स, मैकेनिकल इंजीनियर गिरफ्तार

भोपाल। इंजीनियरिंग की पढ़ाई और पेशेवर हुनर का इस्तेमाल करियर बनाने के बजाय एक युवक ने नशे के कारोबार में लगा दिया। पुलिस की नजरों से बचने के लिए उसने तस्करी का अनोखा तरीका अपनाया। मैकेनिकल इंजीनियर युवक एमडी ड्रग्स को पानी की बोतलों में छिपाकर दिल्ली से नागपुर जा रही यात्री बस में सफर कर रहा था। गोविंदपुरा पुलिस ने आईएसबीटी के पास जांच के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 970 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, गोविंदपुरा थाना पुलिस की टीम आईएसबीटी के पास वाहनों और अंतरराज्यीय यात्री बसों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली से नागपुर जा रही एक बस को रोककर यात्रियों और उनके सामान की तलाशी ली गई। इस दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिस ने उसके सामान की बारीकी से जांच की तो पानी की बोतलों में छिपाकर रखी गई एमडी ड्रग्स बरामद हो गई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

कर्नाटक का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार युवक की पहचान विशाख एएन निवासी कर्नाटक के रूप में हुई है। वह पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर बताया जा रहा है। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि वह दिल्ली से एमडी ड्रग्स लेकर नागपुर जा रहा था। हालांकि, दिल्ली में उसे यह नशीला पदार्थ किसने उपलब्ध कराया और नागपुर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं।

18 दिन में आईएसबीटी पर ड्रग्स तस्करी के तीन बड़े मामले

भोपाल का आईएसबीटी पिछले कुछ समय से अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी के मामलों को लेकर चर्चा में है। लंबी दूरी की यात्री बसों को नशीले पदार्थों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज 18 दिनों के भीतर राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने यहां तीन बड़ी कार्रवाइयों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 16.064 किलो सिंथेटिक ड्रग्स जब्त की थी। इनकी अनुमानित कीमत करीब 12.85 करोड़ रुपये थी।

14 अक्टूबर: दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में 32 वर्षीय महिला को पकड़ा गया। उसके बैकपैक के गुप्त हिस्से से 1.885 किलो और पर्स से 719 ग्राम एम्फेटामाइन बरामद हुई। कुल 2.604 किलो ड्रग्स की कीमत करीब 2.08 करोड़ रुपये थी।

20 अक्टूबर: दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में एक युवक के दो ट्रॉली बैग से 11 प्लास्टिक पैकेटों में रखी 9.139 किलो मेथामफेटामाइन जब्त की गई। इसकी कीमत करीब 7.32 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

1 नवंबर: डीआरआई ने दिल्ली से भोपाल पहुंचे दो युवकों को गिरफ्तार किया। उनके पास से कुल 4.321 किलो एम्फेटामाइन बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 3.45 करोड़ रुपये बताई गई थी।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने भोपाल के बस टर्मिनल और अंतरराज्यीय यात्री परिवहन के जरिए संचालित हो रहे ड्रग्स तस्करी नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन