भोपाल: मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) 7,500 आरक्षक पदों के लिए 19 नवंबर 2026 से लिखित परीक्षा आयोजित करेगा। परीक्षा शुरू होने से तीन या चार दिन पहले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार मंडल की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in से आवेदन क्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
मंडल ने प्रवेश पत्र जारी करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखें, ताकि प्रवेश पत्र जारी होने की सूचना मिलते ही उसे डाउनलोड कर सकें।
एसएएफ में 700, सामान्य श्रेणी में 6,800 पद
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत पुलिस आरक्षक (जनरल ड्यूटी) के कुल 7,500 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के 700 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। वहीं, एसएएफ को छोड़कर अन्य श्रेणियों में आरक्षकों के 6,800 पद रखे गए हैं। भर्ती परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने आवेदन किया है।
ऐसे डाउनलोड कर सकेंगे प्रवेश पत्र
प्रवेश पत्र जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को सबसे पहले MPESB की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाना होगा। यहां एमपी पुलिस कांस्टेबल एडमिट कार्ड 2026 के लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद लॉगिन पेज पर आवेदन क्रमांक और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। कैप्चा कोड भरकर सर्च बटन पर क्लिक करते ही प्रवेश पत्र स्क्रीन पर दिखाई देगा। इसे डाउनलोड कर प्रिंट निकालना होगा।
ये भी पढ़ें: पुलिस कमिश्नर के जनसंवाद से गायब रहे टीआई, निलंबित
प्रवेश पत्र में जांच लें ये जानकारियां
प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के बाद अभ्यर्थी उसमें दर्ज सभी जानकारियों का मिलान जरूर करें। इसमें उम्मीदवार का नाम, आवेदन क्रमांक, रोल नंबर, फोटो और हस्ताक्षर के साथ परीक्षा की तारीख, समय और केंद्र का पूरा पता दर्ज रहेगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्र में प्रवेश और परीक्षा से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। किसी भी तरह की त्रुटि होने पर समय रहते मंडल से संपर्क करना उचित रहेगा।

