भोपाल: एशियाई महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के आगाज से पहले रविवार को भोपाल हॉकी के रंग में रंगा नजर आया। प्रतियोगिता के प्रचार और खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मंत्री विश्वास सारंग और ओलंपियन विवेक सागर की मौजूदगी में हॉकी वॉकथॉन निकाली गई। होटल लेकव्यू रंजीत से वन विहार तक आयोजित इस वॉकथॉन में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, व्यापारियों, प्रबुद्धजनों और शहरवासियों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य लोगों को अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता से जोड़ना और महिला खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाना था।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लक्ष्य हर युवा को खेलों से जोड़ना है। हॉकी मध्य प्रदेश और भोपाल की पहचान रही है। इस खेल में प्रदेश का गौरवशाली अतीत रहा है और अब भविष्य को भी मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बरखेड़ा नाथू में करीब 900 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार किया जा रहा है। इसका पहला चरण पूरा हो चुका है। 19 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका उद्घाटन करेंगे। इसी दिन एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का भी आगाज होगा।
छह देशों की 150 खिलाड़ी दिखाएंगी दमखम
19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भारत सहित एशिया की छह शीर्ष टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें करीब 150 महिला खिलाड़ी मैदान पर अपना कौशल दिखाएंगी। सभी मुकाबले बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है। प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण 166 देशों में स्टार स्पोर्ट्स और हॉटस्टार पर किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: एमपी में आउटसोर्स कर्मचारियों पर गिरेगी गाज, मार्च 2027 तक सेवाएं होंगी समाप्त
अंतरराष्ट्रीय आयोजनों का केंद्र बनेगा भोपाल
भोपाल को एफआईएच कैटेगरी-1 स्टेडियम का गौरव हासिल करने वाला देश का दूसरा शहर बताया गया है। मंत्री सारंग ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल खिताब की प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि प्रदेश में हॉकी के विकास और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अवसर उपलब्ध कराने का मंच भी बनेगी।
आयोजन के दौरान हॉकी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सेमिनार और जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे। सरकार का प्रयास है कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के जरिए भोपाल की खेलों के क्षेत्र में पहचान और मजबूत हो तथा युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि बढ़े।

