भोपाल:भोपाल के जहांगीराबाद इलाके में गोवंश काटे जाने के आरोप को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। मामले के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने शब्बन चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने अजहर अली, इमरान, आदिल और मुज्बील नाम के लोगों पर गोवंश काटने में शामिल होने का आरोप लगाया है। तीन लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले करने का दावा भी किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई का इंतजार है।
पांच गाय जीवित और तीन गायों के अवशेष पड़े मिलने का दावा
जानकारी के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच बजरंग दल के कार्यकर्ता जहांगीराबाद के संबंधित इलाके में पहुंचे थे। उनका दावा है कि मौके पर पांच गाय जीवित मिलीं, जबकि तीन गायों के अवशेष पड़े थे।
गोवंश काटे जाने की सूचना पर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। इसी दौरान विवाद और कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप भी सामने आया। कार्यकर्ताओं ने अपकी गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने की शिकायत भी पुलिस से की है।
ये भी पढे़ं: इंदौर के कनाडिया बायपास पर फूटी नर्मदा लाइन, सड़क पर बहा हजारों लीटर पानी; जलकार्य प्रभारी ने दी सफाई
कार्यकर्ताओं ने गोवंश के अवशेषों की जांच कराने की मांग की
घटना के विरोध में कार्यकर्ता जहांगीराबाद थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने गोवंश के अवशेषों की जांच कराने, आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करने और कथित हमले व वाहन में तोड़फोड़ के मामले में कार्रवाई की मांग की।
अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौके पर मिले अवशेष किसके हैं, गोवंश काटने की घटना में किन लोगों की भूमिका थी और कार्यकर्ताओं पर हमले के आरोप कितने सही हैं।

