इंदौर: शहर में रविवार को कनाडिया बायपास स्थित हनुमान मंदिर के पास नर्मदा की लाइन फूट गई। लाइन फूटने से बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बह निकला।
जानकारी मिलने के बाद नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा और सुधार कार्य शुरू किया। हालांकि, जो लाइन फूटी है, वह मेन लाइन नहीं, बल्कि डिस्ट्रीब्यूशन लाइन है।
प्रेशर की वजह से लाइन फूटी
रविवार सुबह करीब 10 बजे पानी की सप्लाई के दौरान कनाडिया बायपास इलाके में नर्मदा की लाइन फूट गई। संभावना जताई जा रही है कि प्रेशर की वजह से लाइन फूटी है। इसके कारण काफी मात्रा में पानी सड़क पर बह गया।
जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा बबलू ने बताया कि कनाडिया इलाके में लाइन फूटने की जानकारी मिली थी। इसके बाद तुरंत नगर निगम के अधिकारियों को अवगत कराया गया और सुधार कार्य शुरू करा दिया गया। फिलहाल लाइन की मरम्मत की जा रही है, जो जल्द पूरी हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि लाइन किस वजह से फूटी, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। हालांकि, आशंका है कि प्रेशर की वजह से ऐसा हुआ होगा। फूटी हुई लाइन मेन नहीं, बल्कि डिस्ट्रीब्यूशन लाइन है। इसे सुधारने के बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी। डिस्ट्रीब्यूशन लाइन होने के कारण पानी की सप्लाई में कोई परेशानी नहीं आएगी।
ये भी पढ़ें: धार-आलीराजपुर के 126 गांवों को मिलेगा नर्मदा का पानी, 1353 करोड़ की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण
संभावित जलसंकट के बीच पानी की बर्बादी
इंदौर में कम बारिश के चलते आगामी दिनों में जलसंकट की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में लगातार पानी बचाने की कवायद की जा रही है। पानी की बर्बादी करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि इसे रोका जा सके। इसके बावजूद कनाडिया बायपास पर लाइन फूटने से बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हुआ।

