गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां को गाजियाबाद की पीएमएलए कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चार दिन की पूछताछ पूरी होने के बाद सोमवार सुबह उन्हें अदालत में पेश किया। जौहर ट्रस्ट और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े 426 करोड़ रुपये के कथित धनशोधन मामले में ईडी ने उनसे पूछताछ की थी। इस दौरान आजम खां ने एजेंसी के आरोपों को लगातार खारिज किया।
200 सवालों के जवाब में आरोप नकारे
ईडी अधिकारियों ने पूछताछ के दौरान आजम खां से करीब 200 सवाल किए। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने ज्यादातर सवालों के सीधे जवाब नहीं दिए और ट्रस्ट के फैसलों की जानकारी होने से भी इनकार किया। शत्रु संपत्ति पर कब्जे के आरोपों को भी उन्होंने खारिज करते हुए इसके लिए रामपुर के जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।
रविवार को भी उनसे लंबी पूछताछ हुई। इस दौरान आजम खां ने पूरी कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया और खुद को पीड़ित बताया। उन्होंने उन ठेकेदारों से किसी सीधे संबंध से भी इनकार किया, जिन पर सरकारी काम के लिए मिली रकम जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में लगाने और ट्रस्ट को चंदा देने के आरोप हैं।
करीबियों से दोबारा पूछताछ की तैयारी
ईडी अब आजम खां के करीबियों को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि मामले में कुछ लोगों को सरकारी गवाह भी बनाया जा सकता है। एजेंसी को उम्मीद है कि इन लोगों के बयान से कथित धनशोधन से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य कड़ियों की जांच आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि आजम खां को 31 अक्टूबर को जेल से रिहा होने के बाद ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था। यह कार्रवाई जौहर विश्वविद्यालय और जौहर ट्रस्ट से जुड़े कथित 426 करोड़ रुपये के धनशोधन मामले में की गई थी।
ये भी पढें: कटनी में 12 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार: कोलकाता से पकड़ा, 6 साथी फरार
हाईकोर्ट में गिरफ्तारी को चुनौती
दूसरी ओर, आजम खां ने ईडी की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी है। सोमवार को इस मामले में सुनवाई के दौरान उनकी ओर से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने पक्ष रखा। हाईकोर्ट में गिरफ्तारी की वैधता को लेकर बहस जारी है।

