Monday, November 16, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में 26 नवंबर को कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, एक लाख लोगों...

भोपाल में 26 नवंबर को कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, एक लाख लोगों के साथ निकालेगी संविधान रक्षा मार्च

भोपाल: संविधान दिवस पर मध्य प्रदेश में कांग्रेस बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है। पार्टी 26 नवंबर को भोपाल में एक लाख लोगों की मौजूदगी में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। इस आयोजन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शामिल होने की भी संभावना है। हालांकि, उनके दौरे को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पहले कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से एक लाख लोगों को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य तय किया था, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के बाद अब इतनी ही संख्या में लोगों को भोपाल में जुटाने की तैयारी की जा रही है।

दिल्ली में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित

कांग्रेस ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत 25 और 26 नवंबर को दिल्ली चलो कार्यक्रम प्रस्तावित किया था। इसके लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस ने विधानसभा क्षेत्रवार तैयारियां शुरू कर दी थीं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से कम से कम दो बसों के जरिए कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की योजना थी। भोपाल में इसके लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया था।

25 नवंबर को ग्वालियर में तैयारियों की समीक्षा के बाद कार्यकर्ताओं को दिल्ली रवाना किया जाना था। हालांकि, 15 नवंबर को AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी। इसके तहत दिल्ली चलो कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया और 26 नवंबर को देशभर की राजधानियों में संविधान रक्षा मार्च निकालने का फैसला किया गया।

राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना

कार्यक्रम को बड़े स्तर पर आयोजित करने के लिए प्रदेश कांग्रेस संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी का लक्ष्य प्रदेशभर से एक लाख लोगों को भोपाल लाने का है। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक, राहुल गांधी भी इस मार्च में शामिल हो सकते हैं। उनके संभावित दौरे को देखते हुए आयोजन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। हालांकि, उनके कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

आंबेडकर या गांधी प्रतिमा से शुरू होगा मार्च

AICC के निर्देशों के मुताबिक, संविधान रक्षा मार्च की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रमुख प्रतिमा से होगी। यहां संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि देने के बाद कार्यकर्ता संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे और उसकी रक्षा की शपथ लेंगे। इसके बाद मार्च शहर के किसी अन्य महत्वपूर्ण स्थान तक निकाला जाएगा।

इस आयोजन में जिला कांग्रेस कमेटियों के साथ पार्टी के अग्रिम संगठनों और विभिन्न विभागों को भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है।

हर बूथ पर नियुक्त होंगे वोट रक्षक

संविधान रक्षा मार्च के साथ कांग्रेस ने बूथ स्तर पर वोट रक्षक अभियान चलाने की भी तैयारी की है। इसके तहत प्रत्येक बूथ पर कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा। ये कार्यकर्ता मतदाता सूची से हटाए गए नामों का सत्यापन करेंगे। यह प्रक्रिया 22 से 30 नवंबर तक चलेगी। मंडल अध्यक्ष प्रतिदिन अभियान की निगरानी करेंगे और जिला कांग्रेस कमेटियों को रिपोर्ट देंगे।

ये भी पढ़ें: बिलकिस बानो केस: दो दोषियों की उम्रकैद निलंबित, सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत

15 दिसंबर तक गांवों में लगेंगी चौपाल

वोट रक्षक अभियान के निष्कर्षों के आधार पर 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवों में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल’ आयोजित की जाएंगी। इनमें मतदाता सूची से नाम हटाए गए लोगों, बुजुर्गों और पंचायत प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। AICC ने जिला कांग्रेस कमेटियों को 17 नवंबर तक तैयारी बैठकें पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन