भोपाल: मध्यप्रदेश के विद्युत पारेषण क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि दर्ज की गई है। प्रदेश के इतिहास में पहली बार किसी एक्स्ट्रा हाई टेंशन (EHT) सब स्टेशन से जनरेटिंग यूनिट को नेशनल ग्रिड की फ्रीक्वेंसी के अनुरूप सिंक्रोनाइज किया गया। मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने 132 केवी सब स्टेशन गोपालगंज (सिवनी) और पेंच हाइडल पावर हाउस की यूनिट-2 के बीच ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल के दौरान यह उपलब्धि हासिल की।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस सफल प्रयोग को प्रदेश की विद्युत पारेषण प्रणाली की आपातकालीन तैयारियों और ग्रिड की पुनर्बहाली क्षमता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मध्यप्रदेश ही नहीं, पूरे क्षेत्र में अपनी तरह का यह पहला प्रयोग है।
सब स्टेशन से जनरेटिंग यूनिट तक पहुंचाई बिजली
एमपी स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता के अनुसार, सामान्य तौर पर ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल में जनरेटर की ओर से सिस्टम को सिंक्रोनाइज कर संबंधित सब स्टेशन में बिजली आपूर्ति बहाल की जाती है। इस बार एमपी ट्रांसको ने इसके विपरीत सब स्टेशन की ओर से जनरेटिंग यूनिट को सिंक्रोनाइज करने की प्रक्रिया पूरी की।
इसके लिए सबसे पहले पेंच हाइडल पावर हाउस की यूनिट-2 को आइलैंडिंग किया गया। इसके बाद निर्धारित कार्ययोजना के तहत गोपालगंज सब स्टेशन में स्थापित बे कंट्रोल यूनिट के इंटरनल फीचर की मदद से जनरेटिंग यूनिट की बस तक बिजली पहुंचाई गई। इसके बाद यूनिट का सिंक्रोनाइजेशन किया गया। इस प्रक्रिया से सब स्टेशन स्तर से विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने और जनरेटिंग यूनिट को ग्रिड के अनुरूप जोड़ने की तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन हुआ।
ग्रिड फेल होने की स्थिति में उपयोगी अभ्यास
ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल एक ऐसी तकनीकी प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से यह परखा जाता है कि यदि किसी कारणवश पूरा बिजली ग्रिड ठप हो जाए तो बाहरी विद्युत आपूर्ति के बिना पावर हाउस को किस तरह चालू किया जा सकता है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से बिजली व्यवस्था बहाल करने की प्रक्रिया अपनाई जाती है।
इस अभ्यास में ग्रिड आइलैंडिंग, सिंक्रोनाइजेशन तथा वोल्टेज और फ्रीक्वेंसी नियंत्रण से संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं का परीक्षण किया गया। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से बहाल करने की तैयारी सुनिश्चित करना था।
ये भी पढ़ें: भोपाल में 26 नवंबर को कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, एक लाख लोगों के साथ निकालेगी संविधान रक्षा मार्च
तीन फीडरों पर एक घंटे रहा व्यवधान
मॉकड्रिल के दौरान 33 केवी के तीन फीडरों पर लगभग एक घंटे तक अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान सिस्टम रिस्टोरेशन के विभिन्न चरणों का वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण किया गया।
पूरी प्रक्रिया में स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर जबलपुर, मैदानी अमले और संबंधित कंट्रोल रूम के बीच लगातार समन्वय बनाए रखा गया। निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अभ्यास सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

