Monday, November 16, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsपुष्कर मेले में 21 करोड़ का 'गोल्डन किंग', 100 गार्ड के साथ...

पुष्कर मेले में 21 करोड़ का ‘गोल्डन किंग’, 100 गार्ड के साथ पहुंचा ‘बादल’

अजमेर: राजस्थान के प्रसिद्ध पुष्कर मेले में इस बार दो घोड़े खास आकर्षण बने हुए हैं। गुजरात के सूरत से पहुंचा 21 करोड़ रुपये कीमत का मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा ‘गोल्डन किंग’ अपनी शाही कद-काठी और कीमत को लेकर चर्चा में है। वहीं, केकड़ी से आया सफेद घोड़ा ‘बादल’ 100 निजी सुरक्षाकर्मियों के घेरे और ढोल-नगाड़ों के साथ मेले में पहुंचा। उसकी अगवानी के लिए करीब एक किलोमीटर लंबा जुलूस निकाला गया। पुष्कर मेले की औपचारिक शुरुआत मंगलवार, 17 नवंबर को होगी।

21 करोड़ का गोल्डन किंग, प्रजनन शुल्क डेढ़ लाख

सूरत से लाया गया पांच वर्षीय मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा ‘गोल्डन किंग’ मेले का प्रमुख आकर्षण है। क्रिमिनो रंग के इस घोड़े की ऊंचाई 65 इंच है। इसके मालिक प्रजनन के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये शुल्क लेते हैं। अब तक इससे छह बच्चे हो चुके हैं। इसे मेले में बिक्री के लिए नहीं, बल्कि केवल प्रदर्शन के उद्देश्य से लाया गया है।

इसके अलावा ग्वालियर से पहुंचा मुर्रा नस्ल का भैंसा ‘छोटा सुल्तान’ भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। करीब 800 किलोग्राम वजनी इस भैंसे की कीमत 25 लाख रुपये है। इसकी लंबाई नौ फीट और ऊंचाई पांच फीट सात इंच है।

100 गार्ड के घेरे में पहुंचा बादल

केकड़ी के अश्वपालक राहुल जेतवाल का छह वर्षीय नुगरा नस्ल का सफेद घोड़ा ‘बादल’ करीब 70 इंच ऊंचा है। मेले में इसका आगमन किसी शाही जुलूस से कम नहीं था। करीब 100 निजी सुरक्षाकर्मियों के घेरे में ढोल-नगाड़ों के साथ इसकी अगवानी की गई। इस दौरान नोटों की गड्डियां भी उड़ाई गईं। करीब एक किलोमीटर लंबे जुलूस को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। इसके साथ ‘न्यू बादल’ और ‘विश्वास’ नाम के दो अन्य सफेद घोड़े भी प्रदर्शित किए गए हैं।

रविवार तक मेले में कुल 7,598 पशु पहुंच चुके थे। इनमें 4,150 घोड़े और 3,411 ऊंट शामिल हैं। पशुओं की लगातार बढ़ती आवक से मेला मैदान में रौनक बढ़ रही है।

14 इंच की गाय और शेटलैंड पोनी भी आकर्षण

जयपुर के पशुपालक अभिनव तिवारी दुनिया की सबसे छोटी नस्लों में शामिल गायों और यूरोप की प्रसिद्ध शेटलैंड पोनी लेकर पहुंचे हैं। इनमें 14 इंच ऊंचाई वाली पुंगनूर नस्ल की गाय शामिल है, जो रोजाना करीब तीन लीटर दूध देती है। इसके अलावा 15 से 20 इंच ऊंचाई वाली मिनी माउस नस्ल की गाय तीन से पांच लीटर और 25 से 28 इंच की विच्चूर नस्ल की गाय करीब पांच लीटर दूध देती है।

पशुपालक के अनुसार, इन छोटी नस्लों के मवेशियों को कम जगह और न्यूनतम खर्च में पाला जा सकता है। वहीं, स्कॉटलैंड के शेटलैंड द्वीप समूह की घने बालों वाली पोनी भी आकर्षण का केंद्र है। पहले इनका इस्तेमाल कोयला खदानों, खेतों में काम और सामान ढोने के लिए किया जाता था। अब इनका उपयोग बच्चों की सवारी और मेलों में प्रदर्शन के लिए होता है।

ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश में पहली बार सब स्टेशन से जनरेटिंग यूनिट का सिंक्रोनाइजेशन

दीपदान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से होगी शुरुआत

पुष्कर मेले की औपचारिक शुरुआत 17 नवंबर को होगी। सुबह 10 बजे जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद मेला मैदान में झंडारोहण करेंगे। शाम को पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर भव्य दीपदान का आयोजन होगा।

इस दौरान स्कूली छात्राएं पारंपरिक राजस्थानी संगीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। देसी और विदेशी पर्यटकों के बीच फुटबॉल मैच भी आयोजित किया जाएगा। मेला स्टेडियम में ‘वॉयस ऑफ पुष्कर’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय गायक प्रस्तुति देंगे। नगाड़ा वादक नाथू लाल सोलंकी की मंडली और विभिन्न जिलों से आए लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से मेले में सांस्कृतिक रंग भरेंगे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन