दुबई: भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी खबर है। जय शाह लगातार दूसरी बार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC के चेयरमैन चुने गए हैं। बाली में हुई ICC बोर्ड और कमेटी की बैठक में उन्हें निर्विरोध इस पद के लिए चुना गया।
बोर्ड के डायरेक्टर्स ने जय शाह को दोबारा चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव रखा
इंडोनेशिया के बाली में हुई बैठक के दौरान बोर्ड के डायरेक्टर्स ने जय शाह को दोबारा चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद उन्हें निर्विरोध चुन लिया गया। जय शाह लगातार दो बार ICC चेयरमैन बनने वाले दूसरे भारतीय हैं। इससे पहले शशांक मनोहर भी दो बार इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। जय शाह के दोबारा चुने जाने को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारतीय प्रशासन की अहम उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।
जय शाह ने क्या कहा
- ICC चेयरमैन के रूप में काम करना बड़ी जिम्मेदारी है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम करता रहूंगा।
- 2028 लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में क्रिकेट की वापसी हमारे लिए नए दर्शकों तक पहुंचने का बड़ा मौका है।
- हमें क्रिकेट का भविष्य मजबूत बनाना है। इसके लिए खिलाड़ियों, फैंस, कमर्शियल पार्टनर्स और खेल से जुड़े सभी लोगों के हितों का ध्यान रखना होगा।
जय शाह 2024 में पहली बार ICC के चेयरमैन बने थे
जय शाह 2024 में पहली बार ICC के चेयरमैन बने थे। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह ली थी। 36 साल के जय शाह ICC के सबसे कम उम्र के चेयरमैन बने थे।
ICC चीफ को 2015 से पहले तक प्रेसिडेंट कहा जाता था। इसके बाद से इसे चेयरमैन कहा जाने लगा।
ये भी पढे़ं: पुष्कर मेले में 21 करोड़ का ‘गोल्डन किंग’, 100 गार्ड के साथ पहुंचा ‘बादल’
17 साल से क्रिकेट में सक्रिय हैं शाह
- जय शाह ने 2009 में अहमदाबाद के केंद्रीय क्रिकेट बोर्ड के कार्यकारी बोर्ड के सदस्य बने थे। सितंबर 2013 में वे गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के संयुक्त सचिव बने।
- 2015 में BCCI की वित्त समिति के सदस्य बने। 2019 में पहली बार BCCI के सेक्रेटरी बने। उसके बाद 2022 में दोबारा ICC के सेक्रेटरी चुने गए।
- शाह 2021 में एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रेसिडेंट बने। जनवरी 2024 में उन्हें दोबारा ACC प्रेसिडेंट चुना गया।
- 2022 में वह इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के फाइनेंस एंड कॉर्मशियल अफेयर्स कमेटी के चेयरमैन नियुक्त किए गए। उन्हें ओलिंपिक गेम्स के लिए ICCओलिंपिक वर्किंग ग्रुप का मेंबर भी बनाया गया।

