Monday, November 16, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsछठ के बाद घर लौटने वालों के लिए रेलवे की राहत, भोपाल...

छठ के बाद घर लौटने वालों के लिए रेलवे की राहत, भोपाल से गुजरेंगी 4 स्पेशल ट्रेनें

भोपाल: छठ पूजा के बाद बिहार से मध्य प्रदेश, मुंबई और गुजरात लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चार विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। ये ट्रेनें भोपाल मंडल के अलग-अलग स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। इनमें रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल ट्रेन के तीन अतिरिक्त फेरे भी शामिल हैं। इसके अलावा बिहार के रक्सौल, मधुबनी और बरौनी से मुंबई और गुजरात के लिए तीन एकतरफा पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेलवे की इस व्यवस्था से भोपाल, इटारसी, बीना, विदिशा और संत हिरदाराम नगर के यात्रियों को राहत मिलेगी।

रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल के तीन अतिरिक्त फेरे

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के तीन अतिरिक्त फेरे 20, 23 और 27 नवंबर को संचालित होंगे। पहले इस ट्रेन का संचालन 16 नवंबर तक निर्धारित था। इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 01668 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन 21, 24 और 28 नवंबर को चलेगी।

रानी कमलापति से यह ट्रेन दोपहर 2:25 बजे रवाना होकर 3:25 बजे नर्मदापुरम और 3:55 बजे इटारसी पहुंचेगी। वापसी में इटारसी से सुबह 7:50 बजे और नर्मदापुरम से 8:35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।

रक्सौल से मुंबई के लिए 18 नवंबर को स्पेशल ट्रेन

गाड़ी संख्या 05593 रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस वन-वे पूजा स्पेशल 18 नवंबर को शाम 7:10 बजे रक्सौल से रवाना होगी। यह ट्रेन 19 नवंबर को शाम 5:40 बजे इटारसी पहुंचेगी और 5:50 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसके बाद 20 नवंबर को सुबह 5:30 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।

इस ट्रेन में कुल 18 एलएचबी कोच होंगे। इनमें 12 द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान, चार सामान्य श्रेणी, एक एसएलआरडी और एक जनरेटर कार शामिल है।

मधुबनी-अहमदाबाद स्पेशल बीना और विदिशा में रुकेगी

गाड़ी संख्या 05581 मधुबनी-अहमदाबाद वन-वे पूजा स्पेशल 18 नवंबर को शाम 6:15 बजे मधुबनी से रवाना होगी। यह ट्रेन 19 नवंबर को शाम 6:35 बजे बीना, 7:35 बजे विदिशा और रात 8:45 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। इसके बाद उज्जैन, रतलाम और दाहोद होते हुए 20 नवंबर को सुबह 7:15 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

इस ट्रेन में कुल 18 आईसीएफ कोच रहेंगे। इनमें 10 स्लीपर, पांच सामान्य श्रेणी, एक द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं।

बरौनी-बांद्रा स्पेशल भोपाल और इटारसी होकर चलेगी

गाड़ी संख्या 05291 बरौनी-बांद्रा टर्मिनस वन-वे स्पेशल 18 नवंबर को सुबह 8 बजे बरौनी से रवाना होगी। यह 19 नवंबर को सुबह 8:40 बजे विदिशा, 10 बजे रानी कमलापति और 11:40 बजे इटारसी पहुंचेगी। विदिशा में दो मिनट, रानी कमलापति में पांच मिनट और इटारसी में 10 मिनट का ठहराव रहेगा। ट्रेन 20 नवंबर को सुबह 4:30 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

इसमें कुल 18 आईसीएफ कोच होंगे। इनमें 10 शयनयान, छह सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर कोच शामिल हैं।

आरक्षण और समय-सारणी की जानकारी 139 पर मिलेगी

रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल के अतिरिक्त फेरों के लिए कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर बुकिंग शुरू हो चुकी है। अन्य विशेष ट्रेनों के यात्रियों को यात्रा से पहले एनटीईएस ऐप या वेबसाइट पर समय-सारणी और ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है। इसके अलावा रेलवे की हेल्पलाइन 139 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन