विदिशा: ऐतिहासिक नगरी विदिशा में 21 नवंबर 2026, शनिवार को मध्य प्रदेश के माननीय राज्यपाल मंगुभाई पटेल जी का आगमन होने जा रहा है। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, ए-33 मुखर्जी नगर सेवा केंद्र द्वारा आयोजित ‘संगम – गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन’ कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे तथा उपस्थित वृद्धजनों को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियां सेवा केंद्र पर जोर-शोर से चल रही
राज्यपाल महोदय की ओर से कार्यक्रम में शामिल होने की आधिकारिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। कार्यक्रम की तैयारियां सेवा केंद्र पर जोर-शोर से चल रही हैं। ब्रह्माकुमारी रेखा दीदी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन ब्रह्माकुमारीज के समाज सेवा प्रभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मीयता से परिपूर्ण जीवन प्रदान करना तथा समाज में उनके प्रति आदर एवं सम्मान की भावना विकसित करना है।
मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष रहेंगे मुख्य अतिथि
उन्होंने बताया कि इस गरिमामय कार्यक्रम में मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष माननीय अवधेश प्रताप सिंह जी भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से भी कार्यक्रम के प्रति शुभकामनाएं प्राप्त हुई हैं तथा उनके आगमन की भी संभावना है।
रवीन्द्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक भवन ऑडिटोरियम में होगा कार्यक्रम
यह भव्य आयोजन 21 नवंबर 2026, शनिवार को प्रातः 11 बजे रवीन्द्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक भवन ऑडिटोरियम, विदिशा में आयोजित होगा। इसमें मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं अन्य प्रदेशों से 100 से अधिक वरिष्ठ ब्रह्माकुमारी बहनों के विदिशा पहुंचने की संभावना है। वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत ब्रह्माकुमारी रेखा दीदी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव, संस्कार एवं मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
आध्यात्मिक शक्ति से जीवन को श्रैष्ठ बनाए
वर्तमान समय में आवश्यकता है कि वृद्धावस्था को जीवन का बोझ नहीं, बल्कि अनुभव, सम्मान, संतुष्टता एवं आध्यात्मिक शक्ति से परिपूर्ण जीवन का श्रेष्ठ चरण बनाया जाए। इसी उद्देश्य से ‘संगम – गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन’ अभियान के माध्यम से समाज में सकारात्मक एवं आध्यात्मिक जागरूकता लाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता, पारिवारिक आत्मीयता, सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मान की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा। अंत में ब्रह्माकुमारी रेखा दीदी ने विदिशा के समस्त गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं नगरवासियों से इस गरिमामय आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा एवं गरिमा बढ़ाने की अपील की।

