शेनझेन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प चीन पहुंच गए हैं। यहां उनके स्वागत के लिए खुद चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग एयरपोर्ट पहुंचे।
बताया जा रहा है कि जिनपिंग ने प्रोटोकॉल से हटकर ट्रम्प का स्वागत किया। आमतौर पर चीन में किसी विदेशी नेता के स्वागत की जिम्मेदारी दूसरे अधिकारी निभाते हैं, लेकिन इस बार जिनपिंग खुद एयरपोर्ट पहुंचे।
खास बात यह है कि जिनपिंग पहली बार किसी विदेशी नेता की अगवानी के लिए एयरपोर्ट पहुंचे हैं। इस मुलाकात को चीन-अमेरिका संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
ट्रम्प चीन में APEC समिट में शामिल होंगे
ट्रम्प चीन में APEC समिट में शामिल होंगे। इस दौरान उनकी जिनपिंग के साथ अलग से द्विपक्षीय बैठक भी होगी। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, टैरिफ, चीन की ओर से अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद और रेयर अर्थ की सप्लाई जैसे मुद्दों पर बातचीत हो सकती है।
इसके अलावा, ट्रम्प की कल रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग के साथ त्रिपक्षीय बैठक भी होनी है। इसमें ईरान जंग, परमाणु हथियारों के इस्तेमाल जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
ये भी पढ़ें: बॉम्बे हाईकोर्ट की BMC को फटकार, पूछा- आम लोगों के लिए सड़कें क्यों नहीं चमकाते? प्रिंस विलियम के दौरे पर हुई थी सफाई
टॉप-3 देशों के नेता एकसाथ त्रिपक्षीय बैठक करेंगे
चीन के शेनझेन शहर में ट्रम्प, पुतिन और जिनपिंग की मीटिंग होनी है। दूसरे विश्व युद्ध के बाद यह पहली बार है जब टॉप-3 देशों के नेता एकसाथ त्रिपक्षीय बैठक करेंगे।
1970 के दशक तक शेनझेन मछुआरों का एक गांव था। 1979 में इसे शहर बनाया गया था। अगस्त 1980 में चीन का पहला स्पेशल इकोनॉमिक जोन घोषित हुआ। इसके बाद यहां उद्योग और कारोबार बढ़ा।
आज यह ऊंची इमारतों और बड़ी कंपनियों वाला आधुनिक शहर बन चुका है। इसका विकास इतना तेजी से हुआ कि यह अपने पड़ोसी हांगकांग से भी बड़ा शहर बन गया है।

