Thursday, November 19, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsMP Weather Update: एमपी में पारा 8.9 डिग्री, तीन दिन बारिश का...

MP Weather Update: एमपी में पारा 8.9 डिग्री, तीन दिन बारिश का अलर्ट

भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। एक ओर पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी ने प्रदेश में ठंड बढ़ा दी है, तो दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान के कारण अगले तीन दिन बारिश और तेज हवाओं का खतरा मंडरा रहा है। इस सीजन में पहली बार प्रदेश में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। कटनी के करौंदी में पारा लुढ़ककर 8.9 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम की दोहरी मार के बीच मौसम विभाग ने 20 से 22 नवंबर तक पूर्वी और दक्षिणी मध्यप्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। शहडोल और डिंडोरी में भारी बारिश की आशंका है। यानी आने वाले दिनों में प्रदेश के लोगों को सर्दी के साथ बेमौसम बारिश का सामना भी करना पड़ सकता है।

40-50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब मध्यप्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देने लगेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 20 नवंबर से प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में मौसम में बदलाव शुरू होगा। जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर और नर्मदापुरम संभाग के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

शहडोल और डिंडोरी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान चार इंच से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग ने छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भी मौसम प्रभावित होने की संभावना जताई है। 21 नवंबर को सीधी और अनूपपुर में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 22 नवंबर को भी कुछ इलाकों में बारिश जारी रह सकती है।

20 शहरों में 15 डिग्री से नीचे तापमान

प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। बीती रात प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। कटनी के करौंदी में सबसे कम 8.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। यह इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान है।

शहडोल के कल्याणपुर में 9 डिग्री, उमरिया में 10.9, रीवा में 11, दमोह में 11.2, मलाजखंड में 11.8 और जबलपुर में 11.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। नौगांव में पारा 12 डिग्री रहा।

इसी तरह छिंदवाड़ा और खजुराहो में 12.2, सीधी में 12.4, मंडला में 12.5, दतिया में 12.6 और ग्वालियर में 12.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया। सतना में 13.2, पचमढ़ी में 13.4 और रायसेन में 13.5 डिग्री तापमान रहा। इंदौर और बैतूल में पारा 14 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि नरसिंहपुर में 14.4 डिग्री दर्ज किया गया।

पहाड़ों की बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन

कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों के मौसम पर पड़ रहा है। उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में रात का तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। यही वजह है कि कई शहरों में ठंड का असर बढ़ गया है।

मौसम प्रणालियों के प्रभाव और पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के चलते आने वाले दिनों में तापमान में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। खास बात यह है कि इस बार ठंड के बीच बारिश का सिस्टम भी सक्रिय हो रहा है। इससे किसानों और आम लोगों की चिंता बढ़ सकती है। फिलहाल सुबह और रात के समय ठंड से बचाव के साथ बारिश और तेज हवाओं को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।

 

 

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन