Thursday, November 19, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsचक्रवात अकवान का खतरा: ओडिशा के 13 जिलों में रेड अलर्ट, स्कूल...

चक्रवात अकवान का खतरा: ओडिशा के 13 जिलों में रेड अलर्ट, स्कूल बंद; ट्रेनों का समय बदला

भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश की आशंका के बीच दोनों राज्यों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान गुरुवार दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश के यानम और दक्षिणी ओडिशा के तट के आसपास पहुंच सकता है। इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और इनके झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। खतरे को देखते हुए ओडिशा के 13 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। छह जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं, जबकि रेलवे ने तीन ट्रेनों के समय में बदलाव किया है।

छह जिलों में तीन दिन बंद रहेंगे स्कूल

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए ओडिशा सरकार ने 19 से 21 नवंबर तक छह जिलों में सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। इस अवधि में आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को राज्य नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार तूफान से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।

13 जिलों में रेड अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने ओडिशा के 13 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। दक्षिणी ओडिशा और तटीय क्षेत्रों में चक्रवात का प्रभाव अधिक रहने की आशंका है। मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा और कालाहांडी समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। बालासोर तक के तटीय इलाकों में भी मौसम बिगड़ने का अनुमान है। जिला कलेक्टरों को राहत और बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

चक्रवात के चलते रेलवे ने बदला ट्रेनों का समय

तूफान के संभावित असर को देखते हुए रेलवे ने तीन ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया है।

  • चारलापल्ली-शालीमार ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस (18046) गुरुवार सुबह 8:40 बजे के बजाय दोपहर 3:40 बजे रवाना होगी।
  • सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस (12704) दोपहर 3:55 बजे के बजाय शाम 5:55 बजे रवाना होगी।
  • एसएमवीटी बेंगलुरु-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (15227) रात 12:30 बजे के बजाय सुबह 8:30 बजे रवाना होगी।

नौसेना और प्रशासन की तैयारियां तेज

चक्रवात से निपटने के लिए भारतीय नौसेना और अन्य संबंधित एजेंसियों को भी अलर्ट रखा गया है। प्रशासन तूफान की दिशा और उसकी तीव्रता पर लगातार निगरानी कर रहा है। समुद्र तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। संभावित प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव व्यवस्था तैयार रखने पर जोर दिया जा रहा है।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन