Monday, November 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की शुरुआत: 25 निवेशकों को मिले आवंटन पत्र,...

ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की शुरुआत: 25 निवेशकों को मिले आवंटन पत्र, 3,611 करोड़ के निवेश से रोजगार की उम्मीद

भोपाल: मध्यप्रदेश में टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ावा देने की दिशा में गुरुवार को बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भोपाल में आयोजित ‘ग्वालियर इन्वेस्टर मीट’ में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (TMZ) की शुरुआत की। कार्यक्रम में जोन के पहले चरण के लिए 25 निवेशकों को आवंटन पत्र सौंपे गए। इस चरण में कुल 3,611 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इन प्रस्तावों से प्रदेश में 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई गई है।

170 एकड़ में विकसित होगा पहला चरण

ग्वालियर में देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन लगभग 170 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने बताया कि पहले चरण में 3,611 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनसे 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर बनने की संभावना है। परियोजना के दूसरे चरण के लिए करीब 450 एकड़ जमीन निर्धारित की गई है। इस परियोजना में राज्य सरकार की 51 प्रतिशत और केंद्र सरकार की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।

तकनीक की नगरी के रूप में ग्वालियर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहा है। ग्वालियर अब केवल संगीत की नगरी ही नहीं, बल्कि दूरसंचार और तकनीक की नगरी के रूप में भी अपनी पहचान बनाएगा। उन्होंने बताया कि जुलाई 2026 में दूरसंचार मंत्रालय के साथ समझौता होने के बाद महज चार से पांच महीने में पहले चरण के आवंटन पत्र जारी कर दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरे चरण के लिए भी 450 एकड़ जमीन निर्धारित कर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सरकार की प्राथमिकता निवेश की घोषणाओं को जल्द से जल्द धरातल पर उतारना है।

925 कानून और 27 अनुपालन खत्म करने का दावा

मुख्यमंत्री ने कारोबार को आसान बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए गए बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कारोबार में बाधा बन रहे 925 कानूनों और करीब 27 गैरजरूरी अनुपालनों को समाप्त किया गया है। इससे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा मिला है। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सात गुना और मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग 35 गुना बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जीडीपी ग्रोथ रेट 11 प्रतिशत से अधिक और औद्योगिक विकास दर 24 प्रतिशत से ऊपर होने की बात भी कही।

बिजली-पानी और वेतन सहायता

सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों को सस्ती दरों पर जमीन, बिजली और पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारियों के वेतन पर सरकार की ओर से 5 हजार रुपये प्रतिमाह सहायता देने की व्यवस्था का भी उन्होंने उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि औद्योगिक विकास के लिए मंदसौर में एग्रो एंड केमिकल पार्क, रतलाम में बायोफार्मा, धार में टेक्सटाइल पार्क और छिंदवाड़ा में इंडस्ट्रियल बेल्ट जैसी योजनाओं पर काम किया जा रहा है।

 ग्वालियर की कनेक्टिविटी निवेश के लिए फायदेमंद

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत टेलीकॉम सेवाओं का बड़ा उपभोक्ता होने के साथ अब सेवा प्रदाता और उपकरण निर्माण के क्षेत्र में भी अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से पहले देश में करीब 6 करोड़ ब्रॉडबैंड उपभोक्ता थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 102 करोड़ हो गई है। सिंधिया ने ग्वालियर की भौगोलिक स्थिति और बेहतर कनेक्टिविटी को निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर से आगरा तक एक्सप्रेसवे तैयार होने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय करीब 50 मिनट रह जाएगा। वहीं, ग्वालियर एयरपोर्ट से टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की दूरी भी लगभग 20 मिनट बताई गई।

प्लग एंड प्ले मॉडल पर तैयार होगा टेलीकॉम जोन

दूरसंचार विभाग के अपर सचिव श्यामल मिश्रा ने बताया कि केंद्र सरकार ने टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के पहले चरण के विकास के लिए 493 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी है। इस जोन को प्लग एंड प्ले मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इसके तहत उद्योग लगाने वाली कंपनियों को पहले से तैयार बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। यहां रिसर्च एंड डेवलपमेंट के साथ परीक्षण और प्रमाणन से जुड़ी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

 ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पोर्टल

मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कहा कि निवेशकों को सरकारी प्रक्रियाओं के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पोर्टल तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि दिसंबर से संबंधित सचिवालय पूरी क्षमता के साथ काम करने लगेगा। सरकार को उम्मीद है कि इस परियोजना से ग्वालियर में टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योगों का विस्तार होगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ प्रदेश में तकनीकी निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन