Monday, November 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsएमपी में मौसम के दो रंग: दिन में बढ़ी ठिठुरन, 13 जिलों...

एमपी में मौसम के दो रंग: दिन में बढ़ी ठिठुरन, 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं बादलों और बारिश के कारण दिन में ठंड बढ़ गई है, तो कहीं आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रविवार को प्रदेश के आधे हिस्से में बादल छाए रहे और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सोमवार को भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के 13 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। खास बात यह है कि प्रदेश में फिलहाल रात के मुकाबले दिन में ठंड का असर ज्यादा महसूस हो रहा है। कई शहरों में अधिकतम तापमान गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।

13 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश में सक्रिय निम्न दाब क्षेत्र और ट्रफ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आया है। अगले 24 घंटे के दौरान सतना, रीवा, मैहर, कटनी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं। जबलपुर और सागर संभाग के अन्य जिलों में भी बादल छाए रहने का अनुमान है। वहीं, प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण का असर भी कुछ इलाकों में दिखाई दे सकता है।

रात से ज्यादा दिन में ठंड का अहसास

बादलों की मौजूदगी और बारिश की गतिविधियों का असर अधिकतम तापमान पर दिखाई दे रहा है। प्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। इससे धूप नहीं निकलने के कारण दिन में भी ठिठुरन महसूस हो रही है। हालांकि, रात के तापमान में फिलहाल बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

बीती रात शाजापुर के गिरवर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बैतूल में 11.7 और नौगांव में 13.2 डिग्री तापमान रहा। नीमच के मरुखेड़ा, खरगोन और नरसिंहपुर में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज हुआ। ग्वालियर में 13.5, रतलाम में 14.2, भोपाल में 14.6 और धार में 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय, पहाड़ों की बर्फबारी का भी असर

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में एक साथ तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश में निम्न दाब क्षेत्र और ट्रफ के कारण बारिश की परिस्थितियां बन रही हैं। इसके अलावा प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। दूसरी ओर कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों के मौसम पर पड़ रहा है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ सकता है। उत्तरी हवाओं का प्रभाव विशेष रूप से ग्वालियर-चंबल संभाग में देखने को मिल सकता है।

नवंबर में पहले भी टूट चुके हैं ठंड के रिकॉर्ड

नवंबर के दूसरे सप्ताह के बाद मध्य प्रदेश में सर्दी का असर आमतौर पर तेज होने लगता है। इस महीने प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान के पुराने रिकॉर्ड भी बन चुके हैं। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं, उज्जैन में 53 साल पहले नवंबर का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

 

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन